सस्ते विमान ईंधन से बढ़ेगा एयरलाइंस का मुनाफा: आयटा

punjabkesari.in Wednesday, Dec 12, 2018 - 07:20 PM (IST)

जेनेवाः अंतर्राष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आयटा) ने अगले साल विमान ईंधन की औसत कीमत में गिरावट तथा विमान सेवा कंपनियों का मुनाफा बढऩे का अनुमान व्यक्त किया है। आयटा की आज जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2019 में विमानन उद्योग का शुद्ध मुनाफा 35.5 अरब डॉलर रहने की उम्मीद है। वहीं इस साल इसके 32.3 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। पहले इस साल जून में संघ ने इस साल के लिए शुद्ध मुनाफे का अनुमान 33.8 अरब डॉलर व्यक्त किया था जिसे अब कम किया गया है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अगले साल विमानन उद्योग का कुल राजस्व 885 अरब डॉलर रह सकता है जो इस वर्ष के 821 अरब डॉलर से 7.7 प्रतिशत अधिक है। विमान यात्रियों की संख्या भी 4.34 अरब से बढ़कर 4.59 अरब पर पहुंचने का अनुमान है। वहीं वैश्विक माल ढुलाई 6.37 करोड़ टन से बढ़कर 6.59 करोड़ टन पर पहुँचने की उम्मीद है।

आयटा का कहना है कि एयरलाइंस का मुनाफा बढऩे का कारण कच्चे तेल के दाम में गिरावट तथा मजबूत वैश्विक आर्थिक विकास है। उसने वर्ष 2019 में कच्चे तेल की औसत कीमत 65 डॉलर प्रति बैरल रहने का अनुमान लगाया है। इस साल यह 73 डॉलर प्रति बैरल रहा है। इससे विमान ईंधन की औसत की कीमत वर्ष 2018 के 87.6 डॉलर प्रति बैरल से घटकर 81.3 डॉलर प्रति बैरल पर आ जाने का अनुमान है। वैश्विक विकास दर भी 3.1 प्रतिशत रहने की संभावना है जो इस साल 3.2 प्रतिशत रही थी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News