पुरानी पैंशन बहाली को लेकर तपोवन में इस दिन गरजेंगे NPS कर्मचारी

punjabkesari.in Tuesday, Dec 11, 2018 - 10:30 PM (IST)

शिमला (पंकज राक्टा): पुरानी पैंशन बहाली की लड़ाई लड़ रहा एन.पी.एस. कर्मचारी महासंघ 14 दिसम्बर को धर्मशाला में अपनी आवाज बुलंद करेगा। इसके तहत प्रदेश भर से एन.पी.एस. कर्मचारी तपोवन में जुटेंगे। महासंघ के प्रदेश प्रमुख सलाहकार राजिंद्र स्वदेशी के अनुसार सरकार ने पुरानी पैंशन को बहाल न कर लाखों कर्मचारियों का दिल तोड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपना शेयर 10 से बढ़ाकर 14 फीसदी तो कर दिया लेकिन यह कर्मचारियों को रास नहीं है। कर्मचारियों को सिर्फ  और सिर्फ पुरानी पैंशन चाहिए और इस मांग के साथ कोई समझौता किसी भी सूरत में नहीं हो सकता। स्वदेशी के अनुसार इसी कड़ी में प्रदेशभर से 14 दिसम्बर को एन.पी.एस. कर्मचारी धर्मशाला में जुटेंगे।

पुरानी पैंशन की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई

महासंघ के अनुसार पुरानी पैंशन की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और यह तब तक जारी रहेगी, जब तक ओल्ड पैंशन की बहाली पर मोहर नहीं लग जाती। स्वदेशी के अनुसार आज लोकतंत्र में रहने वालों को ठगा जा रहा है और सरकार अपने भविष्य को बनाने में लगी हुई है, जोकि तानाशाही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार अभी भी लाखों कर्मचारियों की आवाज को नहीं सुनेगी तो पुरानी पैंशन बहाली की मुहिम को तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री अरु ण जेतली ने 4 फीसदी का जो झुनझुना दिया है, वह कर्मचारियों को स्वीकार्य नहीं है।

कर्मचारियों को चाहिए संवैधानिक अधिकार

महासंघ के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय मजदूर संघ ने भी माना है कि पुरानी पैंशन कर्मचारियों का अधिकार है अर्थात वेतन का हिस्सा है, ऐसे में कर्मचारियों को अपना संवैधानिक अधिकार चाहिए।

देश में 3 करोड़ का वोट बैंक, 2019 में करेगा चोट

महासंघ के अनुसार उनके पास देश में 3 करोड़ का वोट बैंक है, ऐसे में जो राजनीतिक दल पुरानी पैंशन बहाली की बात कहेगा, उसे ही 2019 में सत्ता हासिल होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News