समाज का युवा अपने जीवन में अपनाए गीता का संदेश, बुराईयां होंगी समाप्त: ब्रह्मचारी

punjabkesari.in Tuesday, Dec 11, 2018 - 10:02 PM (IST)

कुरूक्षेत्र (विनोद): कोई भी महान कार्य वीर हनुमान के बिना सम्पन्न नहीं किया जा सकता है। महाभारत के युद्ध में भगवान श्री कृष्ण के रथ का ध्वज भी भगवान श्री राम भक्त हनुमान के हाथ में ही था। यह विचार व्यक्त करते हुए भारत साधु समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं देशभर में फैली जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरुप ब्रह्मचारी ने बताया कि करीब 35 सालों से हरवर्ष गीता जयंती कार्यक्रमों से पहले विद्यापीठ में विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ हनुमत ध्वजारोहण किया जाता है।

गीता जयंती महोत्सव 2018 के लिए भी मंगलवार को ब्रह्मसरोवर के तट पर श्री जयराम विद्यापीठ परिसर में विद्वान-ब्राह्मणों तथा ब्रह्मचारियों द्वारा भगवान रामभक्त हनुमान का गुणगान करते हुए परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरुप ब्रह्मचारी के सानिध्य में विद्यापीठ गुरुओं परंपरा के अनुसार ध्वजारोहण कर विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ महोत्सव का शुभारंभ किया गया। गीता जंयती के ध्वजारोहण के साथ ही आज से विद्यापीठ में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का भी शुभारंभ किया गया है।

विद्यापीठ में ध्वजारोहण से पूर्व ब्रह्मस्वरुप ब्रह्मचारी के सानिध्य में सभी ट्रस्टियों, ब्रह्मचारियों तथा जयराम संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के परम भक्त वीर हनुमान का मंत्रोच्चारण करते हुए आह्वान कर विधिवत पूजन किया गया और उसके उपरांत जयराम विद्यापीठ द्वारा भगवान श्री कृष्ण के श्री मुख से उत्पन्न हुई पावन श्री गीता के जन्मोत्सव पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को श्रद्धापूर्वक किए जाने का संकल्प लिया गया। इसके उपरांत विधिवत संकट मोचन हनुमान के यज्ञ के साथ प्रसाद वितरित किया गया।

ब्रह्मस्वरुप ब्रह्मचारी ने बताया कि संकटमोचन हनुमान से निर्विघ्न गीता जयंती महोसव के आयोजनों की कामना की गई। उन्होंने बताया कि विद्यापीठ में पिछले 35 वर्षों से पावन गीता के जन्मोत्सव अवसर पर अनेकों कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। विद्यापीठ का उद्देश्य भगवान श्री कृष्ण के कर्म के संदेश को भारतवर्ष में ही नहीं विश्व के सभी घरों में पंहुचाना है। उन्होंने कहा कि आज अगर समाज के युवा वर्ग गीता के संदेश को अपने जीवन में अपना लें, तो समाज की करीब-करीब सभी बुराईयां अपने-आप ही समाप्त हो जाएंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static