मॉरीशस के राष्ट्रपति 13 को करेंगे महोत्सव के उद्घाटन सत्र में शिरकत, शाह होंगे चीफ गैस्ट

punjabkesari.in Monday, Dec 10, 2018 - 04:46 PM (IST)

कुरुक्षेत्र(ब्यूरो): हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2018 को भव्य और यादगार बनाने में राज्य सरकार की तरफ से कसर बाकी नहीं रहेगी। राज्य सरकार का प्रयास है कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं को हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं। महोत्सव के उद्घाटन सत्र 13 दिसम्बर को मॉरीशस के राष्ट्रपति प्रामाशिव्यम पिल्लै वयापरे पहुंच रहे हैं। उद्घाटन सत्र के मुख्यातिथि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह होंगे। बेदी श्रीकृष्ण संग्रहालय के सभागार में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव को लेकर गठित कमेटी के सदस्यों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों, समाजसेवी संस्थाओं को आपसी सहयोग और तालमेल के साथ काम करना होगा। इस मामले में लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि 13 से 18 दिसम्बर तक महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों के लिए सभी संस्थाओं से व्यक्तिगत सम्पर्क किया जाए। लाडवा विधायक डा. पवन सैनी ने भी महोत्सव को बेहतर बनाने के लिए विचार व्यक्त किए। राज्यपाल के सचिव एवं के.डी.बी. सदस्य सचिव विजय दहिया ने कहा कि क्राफ्ट और सरस मेला 23 दिसम्बर तक चलेगा। 13 से 18 दिसम्बर तक मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 

30 कालेजों में गीता सदन कार्यक्रम होंगे। 18 दिसम्बर को वैश्विक गीता पाठ होगा जिसमें 18,000 विद्यार्थी थीम पार्क में गीता के श्लोकों का उच्चारण करेंगे। महोत्सव में 3 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गीता सैमीनार में प्रस्तुत किए शोध पत्रों और चर्चा को लेकर पुस्तक भी तैयार की जाएगी। इसको तैयार करके के.डी.बी. के सदस्यों और प्रमुख लोगों के पास पहुंचाने का काम कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय करेगा। के.डी.बी. के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने कहा कि महोत्सव में ज्योतिसर को लाइट्स और फूलों से सजाया जाएगा। सुबह गीता पाठ किया जाएगा। 

गीता स्थली पर 16, 17 व 18 दिसम्बर को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव में अधिक से अधिक लोगों को आमंत्रित करने के लिए 4 सदस्यों की समिति का गठन किया है। इसमें पर्यटकों को 13 से 18 दिसम्बर तक के कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए ब्रह्मसरोवर पर एल.ई.डी. स्क्रीन लगाई है। बैठक में के.डी.बी. सदस्य विजय नरुला, सौरव चौधरी, राजेश सिंगला, डा. सोमनाथ ने भी विचार रखे। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के नोडल आफिसर आई.ए.एस. अमित अग्रवाल, डी.सी. डा. एस.एस. फुलिया, ए.डी.सी. अनिश यादव, संस्कृत विश्वविद्यालय मूंदड़ी के कुलपति डा. श्रेयांश द्विवेदी, सी.ई.ओ. के.डी.बी. संयम गर्ग, हरियाणा ग्रंथ एकैडमी के उपाध्यक्ष विरेंद्र चौहान, आर.एस.एस. के विभाग सह कार्यवाहा डा. प्रीतम सिंह, कुलदीप सिंह, परमजीत सिंह, चंद्रभान गुप्ता, राजेश आदि मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static