नक्सलियों के हमले में इस्लामवाला का सुखचैन सिंह शहीद

punjabkesari.in Monday, Dec 10, 2018 - 09:44 AM (IST)

फाजिल्का(नगापाल): फाजिल्का उपमंडल के गांव इस्लामवाला में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब गांव में 28 वर्षीय सुखचैन सिंह के अरुणाचल में नक्सलियों के हमले में शहीद होने का समाचार पहुंचा। शहीद के पिता धर्मजीत सिंह गांव में छोटे किसान हैं। सुखचैन सिंह के शहीद होने का समाचार सुनकर माता-पिता के साथ करीब 4 वर्ष पूर्व विवाहित पत्नी किरनदीप का रो-रो कर बुरा हाल था। 

 जानकारी अनुसार गत दिवस नक्सलियों के हमले में सुखचैन सिंह गोली लगने से शहीद हो गया। वह वर्ष 2009 में सेना में भर्ती हुआ था तथा 19 सिख रैजीमैंट में लांस नायक था। उसके पिता धर्मजीत सिंह ने बताया कि वह पुणे के प्रशिक्षण केंद्र में प्रथम रहा था। सुखचैन सिंह अपने पीछे दादा-दादी, माता-पिता, बहन व पत्नी के अतिरिक्त 3 वर्ष की लड़की तथा 8 माह का लड़का छोड़ गया है। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। पिता ने बताया कि वह अभी 45 दिन का अवकाश काट कर गया था । 

संपर्क करने पर फाजिल्का के एस.डी.एम. सुभाष खटक ने बताया कि शहीद का शव सोमवार प्रात: गांव में पहुंचेगा जिसके बाद सरकारी सम्मानों के साथ उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सिविल प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार अरजिन्द्र सिंह ने शहीद के गांव जाकर उसके परिजनों के साथ दुख सांझा किया। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में गांव वासियों ने भी शहीद के परिजनों के साथ शोक व्यक्त किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News