हिमाचल में इस दिन बदलेंगे मौसम के मिजाज, मैदानों में बारिश-पहाड़ों में बर्फबारी की संभावना

punjabkesari.in Sunday, Dec 09, 2018 - 06:59 PM (IST)

शिमला: पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमाचल में एक बार फिर से मौसम के मिजाज बदलने वाले हैं। बीते 2 सप्ताह से प्रदेश भर में खिली धूप के बाद अब 2 दिनों तक मैदानी सहित मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश होने की संभावनाएं जताई गई हैं, वहीं पर उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने के भी आसार नजर आ रहे हैं। बीते 2 रोज पहले ही कल्पा में हुए हिमपात व मनाली में हुई बारिश के बाद प्रदेश भर के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। हिमाचल में दिनोंदिन अब सर्दी और अधिक बढ़ती जा रही है। सुबह व शाम के समय कंपकंपाती सर्दी के चलते लोग घरों में ही दुबकने को मजबूर हो रहे हैं। आने वाले समय में भी यदि बारिश व हिमापात होता है तो प्रदेश में और अधिक ठंड पड़ सकती है।

2 से 3 डिग्री नीचे गिरा न्यूनतम व अधिकतम तापमान

प्रदेश में इन दिनों पहले से न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से कम चल रहे हैं। रविवार को भी हिमाचल में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को हालांकि प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहा लेकिन सोमवार को प्रदेश के कुछेक क्षेत्रों में बारिश होने की संभावनाएं जताई गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी पुर्वानुमान के मुताबिक हिमाचल के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 3 दिन तक बारिश व बर्फबारी की संभावनाएं जताई गई हैं, वहीं मैदानी एवं मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 10 व 11 दिसम्बर को बारिश होने की संभावनाएं व्यक्त की गई है।

कल्पा से ठंडा हुआ मनाली, -1.2 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में इन दिनों कंपकंपाती सर्दी से लोगों को भी परेशान होना पड़ रहा है। पर्यटन नगरी मनाली में सर्दियों के चलते रविवार को न्यूनतम तापमान कल्पा से भी नीचे चला गया। रविवार को मनाली का न्यूनतम तामपान माइनस 1.2 दर्ज किया गया, वहीं पर कल्पा में न्यूनतम तापमान माइनस 1.0 रहा। इसी तरह भुंतर में 0.8, सुंदरनगर में 1.2, सोलन में 2.0, चम्बा में 3.5, कुफरी में 2.7, बिलासपुर में 3.0, हमीरपुर में 3.4, पालमपुर में 4.0, डल्हौजी में 4.7, शिमला, 4.6 व मंडी में 4.0, कांगड़ा में 5.2, ऊना में 4.5, धर्मशाला में 6.6 और नाहन में 6.2 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News