स्कूल संचालिका ने न्याय के लिए प्रधानमंत्री से लगाई गुहार

punjabkesari.in Sunday, Dec 09, 2018 - 02:26 PM (IST)

गन्नौर(नरेंद्र): पुरखास गांव स्थित एक निजी विद्यालय की संचालिका ने स्कूल की महिला लिपिक पर करीब 25 लाख रुपए की धनराशि गबन करने का आरोप लगाया था। उसके बाद मामला 8 अप्रैल 2018 को धारा 420 व 406 के तहत दर्ज भी हो गया था लेकिन कोई कार्रवाई न होने के कारण उन्होंने इसकी शिकायत प्रधानमंत्री को की है।

लगभग 9 माह बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है और स्कूल संचालिका शिकायत पर शिकायत कर थक चुकी है। संचालिका पूनम देवी ने बताया कि उन्होंने पुरखास गांव में संत विवेकानंद विद्यापीठ के नाम से स्कूल खोल रखा है। स्कूल में सैयाखेड़ा गांव निवासी आरती लिपिक के पद पर नियुक्त थी। जो लगभग 3 वर्षों से स्कूल में फीस का हिसाब-किताब व लेन-देन का कार्य कर रही थी। स्कूल रिकार्ड जांच करने पर 25 लाख रुपए का गबन सामने आया।

जब इस बारे में महिला लिपिक आरती से पूछा गया तो उसने स्वीकार करते हुए सारा पैसा 3 मार्च तक वापस लौटाने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि आरती ने उस दिन के बाद स्कूल में आना बंद कर दिया और निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी पैसे नहीं लौटाए। उन्होंने बताया कि आरती ने सैलरी रजिस्टर व कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब कर दिए थे। इसके बाद पुलिस को शिकायत देने पर मामला दर्ज हो गया लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई।

इसके बाद उन्होंने सी.एम. विंडो से लेकर, एस.डी.एम. गन्नौर, डी.एस.पी. गन्नौर, एस.पी. सोनीपत तक गुहार लगा चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कई मंत्रियों के पास शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई न होने के कारण परेशान होकर देश के प्रधानमंत्री को न्याय दिलवाने की गुहार लगाई है। इस बारे में एस.एच.ओ. कुलदीप सिंह ने बताया कि सैयाखेड़ा निवासी महिला आरती की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static