नाभा जेल में से फरार कैदी का 54 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला

punjabkesari.in Saturday, Dec 08, 2018 - 02:11 PM (IST)

नाभा (जैन) : स्थानीय मैक्सीमम सिक्योरिटी जिला जेल में से 2 दिन पहले एक कैदी जीत सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह वासी गांव सलेमगढ़ (थाना मुनक) जेल वार्डन को चकमा देकर जेल में से फरार हो गया था, जिसके खिलाफ 9 दिसम्बर 2007 को थाना सदर समाना में एन.डी.पी.एस. एक्ट अधीन मामला दर्ज हुआ था और अदालत ने 10 साल की सजा सुनाई थी। 
 

इस कैदी के खिलाफ 15 मार्च 2012 को अर्बन एस्टेट थाना पटियाला और 13 दिसम्बर 2016 को थाना सदर नाभा में भी एन.डी.पी.एस. एक्ट अधीन मामले दर्ज हुए थे। जेल अधिकारियों ने इस कैदी की ड्यूटी जेल काम्पलैक्स के बाहर के बाग की सफाई करने के लिए लगा रखी थी। इसके फरार होने की सूचना जेल सुपरिंटैंडैंट की तरफ से काफी देर से पुलिस को दी गई, जिसने जेल की कारगुजारी पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। कैदी के फरार होने से अगले दिन कोतवाली पुलिस ने जेलर इकबाल सिंह की शिकायत पर धारा 223, 224 आई.पी.सी. अधीन फरार कैदी और जेल वार्डन बलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लगभग 54 घंटों बाद भी फरार कैदी का कोई सुराग नहीं मिला। 

वर्णनीय है कि 2 साल पहले फरार हुए आतंकवादी कश्मीर सिंह का भी अभी तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी। आश्चर्य की बात है कि 30 नवम्बर को ‘पंजाब केसरी’ में इस जेल के बुरे प्रबंधों बारे खबर छपी थी और ए.डी.जी.पी. (जेल) रोहित चौधरी ने 3 दिन पहले जेल का निरीक्षण किया, फिर भी जेल की सुरक्षा में लापरवाही होना जेल अधिकारियों की कथित नालायकी है। डी.एस.पी. और एस.एच.ओ. का कहना है कि फरार कैदी की तलाश जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News