मां ने जिला प्रशासन से लगाई गुहार, मेरे बेटे को बचा लो

punjabkesari.in Saturday, Dec 08, 2018 - 11:17 AM (IST)

हिसार(पंकेस): ससुरालजनों की पिटाई से बेदम हुई बरवाला की बेटी ने जिला प्रशासन से उसके 7 वर्षीय मासूम बेटे को बचाने की गुहार लगाई है। लाचार महिला को हिसार के सामान्य अस्पताल तक पहुंचाने वाली सामाजिक संस्था राह गु्रप फाऊंडेशन ने भी जिला प्रशासन हिसार व भिवानी से इस दिशा में ध्यान देकर मासूम का मैडीकल करवा कर उसका अविलंब उपचार करवाने की मांग की है।

राह संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार ससुरालजनों की पिटाई से बेहद गंभीर रुप से घायल बरवाला निवासी महिला का हिसार के सामान्य अस्पताल में गंभीरावस्था में उपचार चल रहा है। महिला के शरीर पर चोट के निशान हैं। आरोप है कि महिला व उसके 7 वर्षीय मासूम बेटे को कई-कई दिन तक खाना तक नहीं दिया जाता था।

शरीर पर हर जगह चोट के निशान हिसार के सामान्य अस्पताल में भर्ती बरवाला की बेटी व भिवानी की विवाहिता को 4 दिसम्बर को इस कद्र पीटा गया है कि उसका पूरा शरीर पिटाई के चलते नीला पड़ गया है। वर्तमान में महिला की हालत इस कद्र खराब है कि वह नींद में भी मुझे छोड़ दो, मुझे मत मारो ही चिल्लाती है। पीड़िता के अनुसार उसका पति सी.आर.पी.एफ. में कार्यरत है और वह भी उसे अक्सर पीटता रहता है।

बच्चे का हो अविलंब मैडीकल राह संस्था के पदाधिकारियों ने हिसार व भिवानी जिला प्रशासन से बंधक बनाए गए 7 वर्षीय मासूम बच्चे का अविलंब मैडीकल करवाने की मांग की है। राह संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार जिला प्रशासन बच्चे को ऐसे नारकीय माहौल से निकाल कर किसी सुरक्षित स्थान पर रखे। 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार भिवानी शहर थाना के प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि इस मामले में 3 आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है। पति के आने पर उसकी भी गिरफ्तारी भी कर ली जाएगी। यह है मामला पीड़िता की तरफ से भिवानी पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार पीड़िता बरवाला शहर की बेटी है और उसकी शादी भिवानी के प्रवीन से हुई थी। किसी बात को लेकर उसके पति व ससुरालजनों के मध्य लंबे समय से अनबन चल रही है। महिला के अनुसार उसे व उसके बेटे को अक्सर मारा-पीटा जाता है। महिला के अनुसार उसे ससुराल में बंधक बनाकर रखा गया था और उसे किसी से मिलने नहीं दिया जाता। महिला ने आशंका जताई है कि ससुरालजन उसके बेटे को मार सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static