सुखविंदर सुक्खू के समर्थन में उतरे कांग्रेस विधायक, वीरभद्र पर किया पलटवार

punjabkesari.in Friday, Dec 07, 2018 - 04:40 PM (IST)

ऊना (सुरेंद्र): कांग्रेस विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने कहा है कि पार्टी टिकट का फैसला सामूहिक तौर पर होता है और अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान करती है। कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू पर ऐरे-गैरे लोगों को टिकट देने के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की टिप्पणियों का मीडिया के सामने जवाब देते हुए रायजादा ने कहा कि कोई एक व्यक्ति कभी टिकट का फैसला नहीं करता है। चुनावों से पहले मुझे भी ऐरे-गैरे की संज्ञा दी जाती थी लेकिन सुक्खू ने उनके टिकट की अनुशंसा की और हाईकमान ने सभी संभावनाओं को देखते हुए टिकट प्रदान किया।

सुक्खू काबिल अध्यक्ष, पार्टी को मजबूत करने में दिया काफी योगदान

उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष के तौर पर सुक्खू ने जमीनी स्तर पर बेहतर कार्य किया था और उसी के बलबूते पर वह चुनाव जीत पाए व भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती को हराने में सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि किसी को भी कम नहीं आंकना चाहिए। चुनावों में पार्टी अध्यक्ष सहित कई अन्य नेताओं ने भी विभिन्न नेताओं को टिकट देने की पैरवी की थी, ऐसे में देखना चाहिए कि किस नेता की पैरवी पर जारी हुए टिकटों में से कितने लोग जीत पाए हैं। कांग्रेस विधायक ने कहा कि सुक्खू काबिल अध्यक्ष हैं। पार्टी को मजबूत करने में उनका काफी योगदान है।

उधार के कैंडीडेट नहीं होंगे स्वीकार

उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश की कम से कम 3 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस हर हाल में विजय हासिल करेगी। हमीरपुर संसदीय हलके में इस बाद उधार के कैंडीडेट को स्वीकार नहीं किया जाएगा बल्कि कांग्रेस पार्टी के मूल कार्यकर्ता को चुनाव मैदान में उतारने की पैरवी की जाएगी।

साधारण कार्यकर्ता अनुराग ठाकुर को दे सकता है मात

उन्होंने कहा कि जब वह साधारण कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष को पराजित कर सकते हैं तो अनुराग ठाकुर को भी एक साधारण कार्यकर्ता चुनावों में चुनौती देकर चुनाव जीत सकता है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में मतभेद तो जरूर हैं लेकिन किसी में भी मनभेद नहीं है। पार्टी अध्यक्ष की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि वह लगातार कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में लगे हुए हैं। पार्टी उन्हीं के प्रयासों से आने वाले चुनावों में सफलता हासिल करेगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News