चीन ने ठुकराया भारत का घरेलू मुद्रा व्यापार का प्रस्ताव

punjabkesari.in Monday, Dec 03, 2018 - 12:21 PM (IST)

बीजिंगः बढ़ते व्यापार घाटे को कम करने के लिए घरेलू मुद्राओं में द्विपक्षीय व्यापार के भारत के प्रस्ताव को चीन ने अस्वीकार कर दिया है। एक अधिकारी के अनुसार वित्त वर्ष 2017-18 में भारत ने चीन को 13.4 अरब डॉलर का निर्यात किया था। वहीं इस दौरान चीन से कुल आयात 76.4 अरब डॉलर रहा था।
PunjabKesari
इस तरह चीन के साथ भारत का व्यापार घाटा 63 अरब डॉलर का रहा था। वित्त वर्ष 2016-17 में यह आंकड़ा 51.11 अरब डॉलर का रहा था। भारत ने अपने निर्यात को बढ़ावा देने और बढ़ते व्यापार घाटे के समाधान के लिए चीन को युआन-रुपए में व्यापार का सुझाव दिया था। अधिकारी ने बताया, “उन्होंने प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।” अक्तूबर में एक अंतर-मंत्रालयी बैठक के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी।
PunjabKesari
बैठक में यह कहा गया था कि भारतीय रिजर्व बैंक और आर्थिक मामलों का विभाग चीन के साथ युआन-रुपए में व्यापार की संभावनाओं की तलाश करेंगे। भारत ने रूस, ईरान और वेनेजुएला सहित कुछ अन्य देशों के साथ भी घरेलू मुद्राओं में व्यापार का प्रस्ताव दिया है। इन तीन देशों के साथ भी भारत का व्यापार घाटा है।
PunjabKesari
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन (FIEO) के अध्यक्ष गणेश कुमार गुप्ता ने कहा कि सरकार को घरेलू मुद्रा में भारत से निर्यात को बढ़ावा देना चाहिए। गुप्ता ने कहा, “इससे चीन जैसे देशों के साथ व्यापार घाटे को पाटने में मदद मिलेगी।” व्यापार विशेषज्ञों का कहना है कि भारत को घरेलू मुद्राओं में द्विपक्षीय व्यापार का लाभ केवल ऐसे देशों के साथ मिलेगा, जिसके साथ उसके व्यापार में संतुलन की स्थिति है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News