घर में घुसकर कांग्रेस की महिला नेत्री पर हथौड़े से किया जानलेवा हमला

punjabkesari.in Wednesday, Nov 21, 2018 - 07:54 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप): कांग्रेस की महिला नेत्री सैक्टर-38 निवासी नीलम पाल सिंह (62) पर बीते सोमवार को एक युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। युवक ने नीलम के सिर पर हथौड़े से वार किया। यही नहीं आरोपी ने उनके घर में मौजूद नौकर प्रकाश को भी हथौड़े से मारा है। नीलम पाल सिंह को पी.जी.आई. में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। 

जबकि नौकर प्रकाश का उपचार जी.एम.एस.एच.-16 में चल रहा है। सैक्टर-39 थाना पुलिस ने अस्पताल में उपचाराधीन प्रकाश के बयानों के आधार पर नीटा नामक युवक को नामजद कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। एस.एस.पी. निलाम्बरी जगदले के अनुसार पुलिस को प्राथमिक जांच में यह मामला पैसे के लेनदेन के विवाद का लग रहा है।

नौकर को बहाने से भेजा बाहर
धनास निवासी नौकर प्रकाश सिंह ने बताया कि सुबह रानी नीलम पाल सिंह अपने घर पर ही थी इसी दौरान उनके घर की घंटी बजी। आवाज सुनकर वह दरवाजा खोलने पहुंचा। जैसे ही उसने दरवाजा खोला तो सैक्टर-23 में अपना लाइट हाउस चलाने वाला रानी नीलम पाल सिंह का जानकार नीटा मौजूद था। उसने बताया कि शाहपुर लाइट प्वाइंट के समीप उसका स्कूटर खराब हो गया है उसे लेकर आना है इस पर नीलम ने उसे नीटा का स्कूटर लाने को कहा। वह स्कूटर लेने चला गया। शाहपुर लाइट प्वाइंट पर जब उसे कोई स्कूटर नहीं मिला तो वह लौट आया। लौटने पर उसने देखा कि नीटा रानी नीलम पाल सिंह पर हथौड़े से वार कर रहा है। उसने जब रानी को बचाने का प्रयास किया तो नीटा ने उस पर हमला कर दिया और वहां से फरार हो गया। शोर सुनने के बाद पड़ोसी वहां पर एकत्रित हो गए। कुछ ही दूरी पर रहने वाले रानी के रिश्तेदार तुरंत रानी और उसे लेकर सैक्टर-16 अस्पताल पहुंचे। जहां रानी नीलम पाल के सिर में गम्भीर चोटे आने के चलते उन्हें पी.जी.आई. रैफर कर दिया गया। 

हिमाचल की रहने वाली है नीलम, पति थे विधायक
पुलिस जांच में सामने आया है कि नीलम पाल सिंह रानी यहां अपने घर में अकेली ही रहती है। उनके घर पर उनका नौकर सिर्फ सुबह और शाम को खाना बनाने ही आता है। नीलम मूलरूप से हिमाचल प्रदेश की रहने वाली हैं उनके पति मोहिंदर पाल सिंह हिमाचल से विधायक रह चुके हैं। उनका 2 साल पहले देहांत हो चुका है। नीलम पाल सिंह की बहन पंचकूला में रहती है और उनके नजदीकी रिश्तेदार भी सैक्टर-38 में उनके घर से कुछ ही दूरी पर अन्य कोठी में रहते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

bhavita joshi

Recommended News

Related News