मिजोरमः शाह ने कांग्रेस पर लगाया आरोप, केंद्र से मिले पैसे का किया दुरुपयोग

punjabkesari.in Tuesday, Nov 20, 2018 - 08:37 PM (IST)

आइजोलः भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस की अगुवाई वाली मिजोरम सरकार पर विकास कार्यों के लिए केन्द्र की ओर से दिए गए धन का दुरूपयोग करने का मंगलवार को आरोप लगाया। शाह ने दक्षिण मिजोरम के लवंगतलाई शहर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो शिक्षित जनजातीय युवाओं के लिए रोजगार के 50,000 अवसर पैदा किए जाएंगे तथा छह माह के भीतर सभी खराब सड़कों की मरम्मत करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मिजोरम में अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण के लिए अनेक कार्यक्रम तैयार किए हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्वोत्तर के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया और अब तक राजग के साढ़े चार वर्ष के शासन में केन्द्रीय मंत्रियों ने क्षेत्र का 200 से अधिक बार दौरा किया। उन्होंने राज्य की जनता से मीजो भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने का भी वादा किया। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में भी इसका जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि संचार, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्र भाजपा की प्राथमिकता होंगे। यहां 28 नवम्बर को विधानसभा चुनाव होने हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News