किसानों के गन्ना बकाए मूल्य का सही समय पर किया जाए भुगतान: योगी

punjabkesari.in Tuesday, Nov 20, 2018 - 03:38 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को बकाये गन्ना मूल्य का भुगतान समय पर कराने के निर्देश दिए हैं। योगी ने सोमवार की रात अपने आवास पर चीनी मिलों के संचालन तथा गन्ना खरीद और भुगतान के संबंध में समीक्षा बैठक में कहा कि किसानों को बकाये गन्ना मूल्य का भुगतान समय पर कराने में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों का हित और चीनी मिलों का सुदृढ़ीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर किसानों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चीनी उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी। उन्होंने अधिकारियों को निजी चीनी मिलों के स्तर पर बकाए गन्ना मूल्य भुगतान के संबंध में संवाद स्थापित करते हुए तेजी लाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कहा कि इस वर्ष 121 चीनी मिलों का संचालन किया जाना है। इनमें से 85 चीनी मिलें संचालित हो चुकी हैं। शेष चीनी मिलें 25 नवंबर तक संचालित कर दी जाएं। 2 नई चीनी मिलें पिपराइच तथा मुंडेरवा अगले साल फरवरी से गन्ना पेराई कार्य शुरू करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना पर्ची वितरण में किसी प्रकार की धांधली तथा शिकायत नहीं प्राप्त होनी चाहिए। इस वर्ष से गन्ना पर्ची वितरण की नई व्यवस्था लागू की गई है। किसानों को पारदर्शिता के आधार पर पर्ची की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और उनका शोषण न होने पाए। उन्होंने कहा कि गन्ना क्रय केन्द्रों तथा चीनी मिलों पर घटतौली रोके जाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गन्ना क्रय केन्द्रों का निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। किसानों को क्रय केन्द्रों तथा मिलों तक गन्ना पहुंचाने में कोई परेशानी नही होनी चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static