कारोबार सुगमता में भारत को शीर्ष 50 देशों में पहुंचाने के लिए PM मोदी ने रखा लक्ष्य

punjabkesari.in Monday, Nov 19, 2018 - 11:29 PM (IST)

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश को विश्वबैंक की कारोबार सुगमता रैंकिंग में शीर्ष 50 देशों में पहुंचाने का लक्ष्य रखा। साथ ही उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग दोगुना कर 5,000 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। भारतीय उद्योग जगत के साथ कारोबार सुगमता पर चर्चा के लिए बुलाई गई बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि सरकार के स्तर पर नीतिगत अपंगता का दौर खत्म हो चुका है। उनकी सरकार ने नीति आधारित शासन दिया है, जिससे विश्वबैंक की 190 देशों की कारोबार सुगमता रैंकिंग में भारत 142वें से स्थान से ऊपर चढ़कर इस साल 77वें स्थान पर पहुंच गया। 

देश की अर्थव्यवस्था का बढ़ाकर 5,000 अरब डॉलर करने का किया जा रहा प्रयास
उन्होंने कहा कि देश में कंपनियों के लिए काम करने को आसान बनाने के लिए सुधार जारी रहेंगे और प्रक्रियाओं को और सरल बनाया जाएगा। इसके साथ ही देश की अर्थव्यवस्था का आकार भी बढ़ाकर 5,000 अरब डॉलर करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मोदी ने कहा कि यह भारत के सतत सुधारों का नतीजा है कि देश की दुनियाभर में साख बढ़ी है और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष, विश्व आर्थिक मंच और अंकटाड जैसे अंतरराष्ट्रीय संस्थान भी इसे स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘यह सभी संस्थान हमारे सुधारों की रफ्तार देखते हुए हमारे भविष्य के प्रति आशांवित और विश्वस्त हैं। देश में किए जा रहे सतत प्रयासों के साथ हमारी कोशिश अब देश की अर्थव्यवस्था को जल्द से जल्द पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था वाले क्लब में शामिल करने की है। 

सुगमता वाले शीर्ष 50 देशों में शामिल कराने के अपने विचार रखे तो संदेश की दृष्टि से देखा गया
इस लक्ष्य को पाने के लिए हमें अर्थव्यवस्था के हर क्षेत्र में सुधार करने होंगे।’ मोदी ने कहा कि जब उन्होंने पहली बार देश को कारोबार सुगमता वाले शीर्ष 50 देशों में शामिल कराने के अपने विचार को रखा था तो उसे संदेह की दृष्टि से देखा गया। अब मात्र चार साल के कार्यकाल में यह महत्वपूर्ण सुधार देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कारोबार सुगमता रैंकिंग के लिए केंद्र और राज्य दोनों सरकारों ने मिलकर काम किया जो कि उनकी सहयोगात्मक और प्रतिस्पर्धी संघवाद की अवधारणा को दर्शाता है। 

भारत इस समय दुनिया में तेजी बढ़ती छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
मोदी ने कहा कि प्रक्रियाओं में मानवीय हस्तक्षेप को कम करना और आधुनिक एवं डिजिटल प्रौद्योगिकयों के उपयोग को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी आधारित काम के बलबूते हमें भविष्य में नीति आधारित शासन देखने को मिलेगा। देश को 2025 तक पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की रूपरेखा तैयार करने के लिए एक कार्य समूह का गठन किया गया था। जिसने अपनी रपट तैयार कर ली है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत काम करने वाले औद्योगिक नीति एवं संर्वद्धन विभाग ने इस समूह का गठन किया है। भारत इस समय दुनिया में तेजी से बढ़ती छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News