फर्जी डिग्री मामले में एक और गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Nov 19, 2018 - 09:58 PM (IST)

इंदौरा (अजीज): इंदौरा स्थित अरनी विश्वविद्यालय द्वारा यूनिवॢसटी के नाम पर कुछ लोगों द्वारा फर्जी डिग्री व अंकतालिका के बेचे जाने के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। अरनी विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा इस संदर्भ में शिकायत करने पर हरकत में आई इंदौरा पुलिस ने एक और आरोपी को विशेष रणनीति बनाकर गिरफ्तार किया है। जिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष पटियाल ने बताया कि अरनी विश्वविद्यालय द्वारा दर्ज करवाए फर्जी डिग्री बनाकर बेचे जाने के मामले में पुलिस गहनता से छानबीन कर रही थी, जिसमें कुछ अहम सुराग हाथ लगे थे। इनके आधार पर पुलिस टीम को उत्तर प्रदेश भेजा गया था और पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अरविंद कुमार पुत्र गुलचंद निवासी गांव अछोता, तहसील सरधना, जिला मेरठ (यू.पी.) के रूप में की गई है, जिसे पुलिस टीम ने मेरठ से गिरफ्तार किया है।

यह था मामला
सनद रहे कि 24 अक्तूबर को अरनी विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश का एक व्यक्ति अरनी विश्वविद्यालय के नाम की डिग्री लेकर पहुंचा और माइग्रेशन के लिए प्रार्थना पत्र दिया। उधर, अरनी विश्वविद्यालय द्वारा रिकार्ड की जांच करने पर पाया गया कि जो डिग्री प्रार्थी लेकर आया था, उसकी अंकतालिका विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी ही नहीं की गई। इसकी सूचना विश्वविद्यालय द्वारा पुलिस को दी गई। उधर, प्रार्थी ने बताया कि उसने उक्त डिग्री की 80 हजार रुपए फीस भरी है और उसे यू.पी. में जहां से अंकतालिका दी गई है, उसके फर्जी होने की कोई जानकारी नहीं थी। वह इसे असली समझकर यहां आया था। जिस पर पुलिस ने भारतीय दंड विधान की धारा 420, 468 व 471 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था और पुलिस जांच कर रही थी।

बड़े गिरोह की संलिप्तता की आशंका
वहीं उक्त मामले में एक बड़े गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है, जिसने फर्जी डिग्रियों के नाम पर अब तक पता नहीं कितने रुपए ऐंठ लिए होंगे। बताया जा रहा है कि फर्जी डिग्री मामले में एक बहुत बड़ा गिरोह काम कर रहा था, जिसने उक्त विश्वविद्यालय के नाम पर कितने लोगों को किस-किस विषय की फर्जी डिग्रियां बेची हैं, इसका खुलासा होना अभी बाकी है। एस.पी. कांगड़ा के अनुसार पुलिस मामले की तह तक जा रही है। शीघ्र ही मामले में संलिप्त जितने भी लोग होंगे, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

6 दिन के रिमांड पर आरोपी
पकड़े गए उक्त आरोपी को सोमवार शाम को न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी इंदौरा विशाल कौंडल की अदालत में पेश किया गया। जहां से माननीय अदालत द्वारा उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kuldeep

Recommended News

Related News