ज्यादा पैसे कमाने के लालच में नशा तस्करी में फंस रहीं घरेलू महिलाएं

punjabkesari.in Saturday, Nov 17, 2018 - 11:48 AM (IST)

धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश में एन.डी.पी.एस. एक्ट मामलों में महिलाओं की सहभागिता बढ़ रही है। प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में 1 जनवरी से 15 नवम्बर तक एन.डी.पी.एस. के 232 मामलों में 267 व्यक्ति गिरफ्तार हुए हैं। इसमें से कि 39 महिलाएं भी एन.डी.पी.एस. एक्ट हिरासत में ली गई हैं। जानकारी के मुताबिक कांगड़ा पुलिस द्वारा छेड़ी गई नशे के खिलाफ मुहिम में 232 मामले सामने आए हैं।

जिसमें कि हिरासत में लिए गए 243 हिमाचली व 24 गैर-हिमाचली पुलिस की गिरफ्त में हैं। जानकारों की मानें तो अधिक पैसे कमाने के लालच में अब घरेलू महिलाएं भी नशा तस्करी के दलदल में धंस चुकी हैं। जिला पुलिस द्वारा अब तक 17 महिलाओं के खिलाफ विभिन्न नशे की तस्करी के मामले दर्ज किए हैं। पुलिस द्वारा उक्त महिलाओं से विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। बुद्धिजीवियों का कहना है कि महिलाओं का नशा तस्करी में शामिल होना गंभीरता का विषय है, क्योंकि अगर महिलाएं ही नशे के व्यापार में फंस गईं तो आने वाली पीढिय़ों को नशे की दलदल से बाहर निकालना बेहद मुश्किल होगा।

बहरहाल इससे निपटने के लिए हिमाचल व पंजाब पुलिस बॉर्डर एरिया में तस्करों के खिलाफ संयुक्त सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही जिला भर में एक्साइज एक्ट के 626 मामले दर्ज हुए है, वहीं इस वर्ष अभी तक जुआ अधिनियम के 26 मामले दर्ज किए गए हैं। उधर, एस.पी. कांगड़ा संतोष पटियाल ने बताया कि आंकड़े यह बताने के लिए काफी हैं कि पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ कितनी सख्ती से पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब व हिमाचल पुलिस मिलकर बॉर्डर एरिया में संयुक्त सर्च अभियान भी चला रही है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kirti

Recommended News

Related News