राहुल का मोदी पर वार, बोले- वे अपने भाषण में भ्रष्टाचार शब्द का प्रयोग नहीं करते

11/16/2018 6:31:03 PM

सागर:  कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज प्रदेश के दौरे पर हैं। राहुल ने सागर से अपनी चुनावी सभा की शुरुआत की। इस बीच, उन्होंने रेहली विधानसभा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह सरकार बेरोजगारों को रोजगार नहीं देती है। राहुल गांधी ने शिवराज सरकार पर भी निशाना साधा है। प्रदेश में किसानों की कर्जमाफी को लेकर उन्होंने कहा कि 11 दिन नहीं लगेंगे, दस दिनों में ही कर्जा माफ हो जाएगा।

PunjabKesari

राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार और शिवराज सरकार पर जम कर हमला बोला है।
राहुल ने कहा है कि...

  • पंजाब और कर्नाटक में किसानों का कर्जा माफ किया तो वो उनका हक था। जो आपका है, वो कांग्रेस पार्टी आपको वापस देना चाहती है। आपका खून-पसीना है। हम मोदी सरकार की तरह नहीं बताते हैं।
  • हम किसी भी 15-20 उद्योगपतियों को आपका पैसा नहीं देना चाहते हैं।
  • यदि 15-20 उद्योगपतियों के अरबों रुपए माफ हो सकते हैं तो मध्य प्रदेश के किसानों का भी कर्जा माफ हो सकता है।
  • हाई क्वालिटी के सरकारी अस्पताल, कालेज, सरकारी कालेजों और यूनिवर्सिटी आपके भविष्य के लिए लगाएंगे।
  • हमने मनरेगा दे दिया। सूचना का अधिकार दिया। लेकिन मोदी जी ने खत्म कर दिया। गुजरात में खत्म कर दिया।
  • चुनाव के बाद आप देख लेना 10 दिन के अंदर किसान का कर्जा माफ कर दिया जाएगा। गारंटी दे रहा हूं।
  • यदि कांग्रेस पार्टी का मुख्यमंत्री 10 दिन में माफ नहीं करेगा तो दूसरा चीफ मिनिस्टर कर्जा माफ करेगा।
  • मैं झूठे वायदे नहीं करता हूं। मोदी जी जहां भी जाते हैं, झूठे वायदे कर जाते हैं। शिवराज की तरह झूठी घोषणाएं नहीं करता हूं।

शिवराज पर भी साधा निशाना...

  • 29 हजार बच्चे पिछले दो सालों में भूख से मर गए। दो लाख 21 हजार मलेरिया के केस, 8 हजार डेंगू, 5 चिकनगुनिया के केस। यह किसकी देन है। पूरा का पूरा सिस्टम प्राइवेट लोगों के हाथ में कर दिया है।
  • जनता के लिए कुछ नहीं करती मध्य प्रदेश की सरकार। उद्योगपतियों की जेब में करोड़ों रुपए डाल देती है। 
  • जितने भी कॉन्ट्रैक्ट दिए जाते हैं, शिवराज सिंह के परिवार और मित्रों को दिए जाते हैं। वे किसी भी कानून को तोड़ सकते हैं, शिक्षा के सिस्टम को पैसे के लिए नष्ट कर सकते हैं।
  • मध्य प्रदेश में 75 लाख युवा बेरोजगार हैं। दो साल में इसका ग्राफ बहुत तेजी से बढ़ा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री युवा के लिए कुछ नहीं कर रहे हैं। वो बस केवल घोषणा पर घोषणा करते हैं। 700 चपरासी पद के लिए तीन लाख युवाओं ने फॉर्म भरा है।
  • शिवराज ने एक भी व्यक्ति को भी नौकरी नहीं दी है। हमारी सरकार आती है तो हम प्रदेश के खाली पदों को भरने का काम करेंगे और युवाओं को रोजगार देंगे।
  • शिवराज सिंह ने प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करके रख दिया है। शिक्षा व्यवस्था की हालत ऐसी कर दी है कि मध्य प्रदेश में जो चीटिंग नहीं कर सकता, वो पास ही नहीं हो सकता है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा की हालत काफी खराब है।

राफेल, नोटबंदी को लेकर मोदी पर हमला... 

  • मोदी सरकार कहती है कि देश की रक्षा के लिए राफेल हवाई जहाज सबसे बेहतरीन है। लेकिन सच तो ये है कि इसमें बडा़ घोटाला हुआ है।
  • नोटबंदी देश का सबसे बड़ा घोटाला है। ये बात आने वाले समय में साबित हो जाएगी।
  • मोदी ने नोटबंदी की और किसानों, मजदूरों, माताओं और बहनों को लाइन में खड़ा किया। लेकिन हिंदुस्तान के चोरों मेहुल चौकसी, नीरव मोदी और किसी अरबपति को लाइन में खड़ा किसी ने देखा?
  • मेहुल चौकसी ने देश से बाहर जाने के बाद अरुण जेतली की बेटी के खाते में पैसा डाला और विजय माल्या भागने से पहले अरुण जेतली से मिलता है। इन्हें लाइन में खड़े देखा?
  • मोदी सरकार ने देश के 15-20 अमीर लोगों की जेब में पैसा डाल दिया है। मोदीजी ने नीरव मोदी और मेहुल चौकसी को देश से भगा दिया।
  • मोदीजी कभी भ्रष्टाचार की बात नहीं करते हैं। कभी भी वे अपने भाषण में भ्रष्टाचार शब्द का प्रयोग नहीं करते। अब वे नहीं कहते कि मुझे चौकीदार बना देना। इसके बाद राहुल ने लोगों से नारा लगवाया कि, 'चौकीदार चोर है'।

    PunjabKesari

     

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vikas kumar

Recommended News