आगरा: ‘मौत’ बनकर घूम रहे बंदर, मासूम के बाद अब महिला को मार डाला

punjabkesari.in Friday, Nov 16, 2018 - 02:20 PM (IST)

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक बंदर द्वारा नवजात को मार डालने की घटना के 2 दिन के भीतर शहर के थोक मोहल्ला में 58 वर्षीय महिला की बंदर के हमले में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि भूमि देवी पर बंदरों ने हमला किया और इसमें उसको गंभीर चोट आई। इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को 12 दिन के नवजात शिशु को बंदर उसकी मां की गोद से छीनकर ले गया और बुरी तरह से नोच खसोट दिया जिससे उसकी मौत हो गई थी। देवी के परिवार ने बताया कि महिला का बहुत अधिक खून बह गया था जिसके चलते डॉक्टर उसे बचाने को कुछ अधिक नहीं कर सके। महिला की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने मार्च निकाला और बुधवार रात को बैठक कर मांग की कि बंदरों को वन्यजीव अधिनियम 1972 के तहत संरक्षित प्रजातियों की सूची से बाहर किया जाना चाहिए। आगरा नगर निगम के अधिकारी के अनुसार, शहर में बंदरों की संख्या 25,000 से ज्यादा है। बैठक में पर्यावरणविद और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

‘सत्यमेव जयते’ के न्यासी मुकेश जैन ने कहा कि हम एक दशक से मांग कर रहे हैं कि बंदरों को जंगलों में छोड़ा जाए और उनकी नसबंदी करने की व्यवस्था की जाए, लेकिन अब तक हम सरकारी अनुमति हासिल करने में विफल रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता श्रवण कुमार सिंह ने कहा कि हर दिन बंदर के काटने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं और लोग स्वतंत्र रूप से बाहर निकलने या छत पर जाने से डरते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों पर बंदरों के हमले तेजी से बढ़ रहे हैं। बैठक में एक प्रस्ताव पारित करके बंदरों के हमलों के पीड़ितों के लिए पर्याप्त मुआवजे की मांग की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static