किशोरी से छेड़छाड़ के विवाद ने पकड़ा तूल, ए.एस.पी. का ऑडियो वायरल

punjabkesari.in Friday, Nov 16, 2018 - 09:12 AM (IST)

गोहाना(अरोड़ा): बुधवार देर शाम एक किशोरी से हुई छेड़छाड़ के विवाद ने बृहस्पतिवार को तूल पकड़ लिया। ए.एस.पी. के वायरल हो गए एक ऑडियो तथा एक हवलदार के पीड़ितों से अभद्र सवालों पर बवाल हुआ। भड़के नागरिकों ने न केवल बाजार को बंद करवा दिया अपितु समता चौकी के सामने धरने पर भी बैठ गए। दोपहरबाद धरने पर लोगों के बीच पहुंचे ए.एस.पी. ने अपने ऑडियो को लेकर सफाई दी तथा आरोपी हवलदार के खिलाफ जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया। इस बीच छेड़छाड़ के आरोपी के खिलाफ गोहाना सिटी थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया। 

मेन बाजार की एक रिहायशी गली में कई दिन से शाम 5.30 से 6.30 बजे के बीच एक लड़का बाइक पर आ रहा था। वह लड़का गली में मिलने वाली युवतियों से छेड़छाड़ करता था। बुधवार की शाम को भी वह लड़का गली में आया तथा एक किशोरी से अनुचित व्यवहार किया। उसकी करतूत सी.सी.टी.वी. में कैद हो गई। बाइक के नम्बर के आधार पर उसकी पहचान भी हो गई। वह पुरानी अनाजमंडी के एक परिवार का लड़का था। देर शाम को गली वाले लिखित शिकायत लेकर समता चौकी में पहुंचे तथा आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की।

रात के समय सिटी थाने में पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया तथा आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया। आरोपी को वाकई पकड़ लिया गया है, इसकी तसल्ली के लिए 3 प्रतिष्ठिïत नागरिकों को उसे थाने में बंद दिखा भी दिया गया। बृहस्पतिवार को आरोपी के परिवार के सदस्य पीड़ित किशोरी के घर पहुंचे जहां माफी मांगे जाने के बाद समझौता हो गया तथा मामला निपट गया। लेकिन छेड़छाड़ का विवाद शांत हो जाने के बाद एक साथ हुए 2 कामों से लोग भड़क गए। ए.एस.पी. के रूप में नियुक्त आई.पी.एस. अधिकारी नरेंद्र बिजारनिया का पूर्व पार्षद वेद प्रकाश मेहता के पास फोन आया। इस फोन काल का ऑडियो वायरल हो गया। 

आरोप है कि फोन काल में ए.एस.पी. ने गलत भाषा का इस्तेमाल कर रखा था। छेड़छाड़ की शिकार अकेले किशोरी नहीं बल्कि और युवतियां भी थीं। उन्हें बयान दर्ज करवाने के लिए समता चौकी में बुलाया गया। चौकी में एक हवलदार ने पीड़िताओं से अभद्र किस्म के सवाल किए। आरोप यह भी है कि एक महिला पुलिस कर्मचारी ने भी पीड़िताओं को मैडीकल टैस्ट और कोर्ट की तारीखों का खौफ दिखाया। इस पर समता चौकी के बाहर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी नागरिकों ने पुलिस के सुलूक के विरोध में मेन बाजार को बंद करवा दिया। नागरिक समता चौकी के बाहर दरियां बिछाकर धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठने वालों में 2 महिला पार्षद अंजु कालड़ा व दिव्या तनेजा भी थीं। 

सूचना मिलने पर समतामूलक महिला संगठन की प्रदेश संयोजिका डा.सुनीता त्यागी भी धरने पर पहुंच गईं। उन्होंने रोष व्यक्त किया कि पुलिस ने अपनी भूमिका का सही ढंग से निर्वाह नहीं किया। भड़के लोग तब शांत हुए जब दोपहरबाद ए.एस.पी. नरेंद्र बिजारनिया धरने पर पहुंचे। जिन पूर्व पार्षद वेद प्रकाश मेहता को विवादित ऑडियो फोन हुआ था, वह मेहता बिजारनिया के साथ थे। ए.एस.पी. बिजारनिया ने ऑडियो को लेकर सफाई दी। बिजारनिया ने अभद्र सुलूक करने वाले हवलदार के खिलाफ लिखित शिकायत ले ली तथा कहा कि उसके खिलाफ जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static