वैज्ञानिकों ने हिमाचल की पहाड़ियों में ढूंढ निकाला कैंसर का इलाज, पढ़ें खबर

punjabkesari.in Thursday, Nov 15, 2018 - 10:51 PM (IST)

पालमपुर: हिमाचल की पहाड़ी चोटियों से कैंसर रोग के उपचार के लिए संजीवनी ढूंढ निकाली गई है। हिमालय जैव संपदा प्रौद्योगिकी संस्थान पालमपुर के वैज्ञानिकों ने एक एंजाइम खोजा है। यह एंजाइम ब्लड कैंसर के उपचार में महत्वपूर्ण सिद्ध हो सकता है। जानकारी अनुसार इस एंजाइम का उपयोग ब्लड कैं सर के रोगियों के लिए उपयोग में लाए जाने वाली औषधि में किया जाता है। फिलहाल इस प्रकार के एंजाइम का देश में विदेश से आयात किया जाता है, जिस कारण कैंसर उपचार की दवा महंगी पड़ रही है। इस एंजाइम के कारण आने वाले समय में कैंसर की दवा सस्ती उपलब्ध हो पाएगी।

4500 मीटर की ऊंचाई पर मिला एस्पार्जिनैज एंजाइम
हिमाचल में पडऩे वाली पर्वत शृंखलाओं में एस्पार्जिनैज एंजाइम लगभग 4500 मीटर की ऊंचाई पर पाया गया है। इस एंजाइम को हिमखंड के जीवाणु में पाया गया है। बताया जा रहा है कि सैंकड़ों बैक्टीरिया की वैज्ञानिक आधार पर परख करने के पश्चात इस एंजाइम की पहचान की गई है। जानकारी अनुसार संस्थान के वैज्ञानिकों ने जिस एंजाइम की पहचान की है, उसमें आयात किए जाने वाले एंजाइम के मुकाबले कुछ अधिक विशेषताएं हैं। कैंसर के उपचार के अतिरिक्त खाद्य उत्पादों में भी इसकी उपयोगिता पाई गई है।

वैज्ञानिकों ने विकसित की उत्पादन की प्रौद्योगिकी
बताया जा रहा है कि हिमालय जैव संपदा प्रौद्योगिकी संस्थान पालमपुर के वैज्ञानिकों ने इस एंजाइम के उत्पादन की प्रौद्योगिकी को विकसित कर लिया है तथा इसे प्रयोगशाला में उगाया जा सकता है। इसके पश्चात इस एंजाइम के शुद्ध स्वरूप को अलग किया जाना संभव है। संस्थान ने इस एंजाइम की खूबियों के दृष्टिगत इसका पेटैंट भी करवाने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है।

ग्लेशियर के माइक्रोब से ढूंढ निकाला एंजाइम
हिमालय जैव संपदा प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक डा. संजय कुमार ने बताया कि हिमाचल के हाई एल्टीट्यूड में इस यूनीक एंजाइम को ग्लेशियर के माइक्रोब से ढूंढ निकाला गया है। बच्चों में पाए जाने वाले एक विशेष कैंसर के उपचार में इसका उपयोग होता है। देश में फिलहाल इसका आयात किया जाता है। मैडीकल उपयोग के लिए सरकार से अनुमति लेनी पड़ती है। इस प्रक्रिया को भी पूरा किया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News