नशे और रफ्तार का कहर: नशे में धुत कार चालक ने कुचल डाले 8 लोग (Watch video)

punjabkesari.in Thursday, Nov 15, 2018 - 01:31 PM (IST)

वेस्ट दिल्ली: पश्चिम विहार इलाके में बुधवार शाम नशा और रफ्तार का कहर दिखाई दिया। जब एक फॉच्र्यूनर कार ने करीब आधा दर्जन वाहनों में टक्कर मार दी, जिसमें आठ लोग घायल हो गए। सभी को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने एक किशोरी को मृत घोषित कर दिया। जबकि चार की हालत गंभीर बताई। सूत्रों की मानें तो हादसे के वक्त चालक काफी ज्यादा नशे में था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी चालक की पहचान कमल कुमार के रूप में हुई है। कमल भेरा एंक्लेव का रहने वाला है। बताया जाता है कि वह हंसराज कॉलेज से रिटायर्ड है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे में फॉच्र्यूनर कार ने एक साइकिल, स्कूटी, बाइक, ई रिक्शा और आरटीवी बस में टक्कर मारी थी।

सीमा के रूप में हुई है मृतक किशोरी की पहचान
 जानकारी के मुताबिक, मृतक किशोरी की पहचान सीमा के रूप में हुई है। वह पश्चिम विहार इलाके में परिवार के साथ रहती थी। बहन के साथ स्कूटी से घर की तरफ जा रही थी। पुलिस कंट्रोल रूम को बुधवार शाम करीब सात बजकर 10 मिनट पर रानी बाग फ्लाईओवर के नीचे एक फॉच्र्यूनर कार द्वारा आधा दर्जन वाहनों को टक्कर मारने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आठ लोगों को नजदीक के सहगल नर्सिंग होम में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने सीमा नामक किशोरी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस सूत्रों की मानें तो हादसे में फॉच्र्यूनर कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। हादसे के वक्त फॉच्र्यूनर कार पीरागढ़ी की तरफ से मीरा बाग स्थित वाइट बिल्डिंग की तरफ से काफी तेजी से आई थी। 

संतुलन बिगडऩे से डिवाइडर पर चढ़ गई थी कार
फ्लाईओवर के पास चालक का कार से संतुलन बिगड़ गया था। कार डिवाइडर पर चढ़ गई। रफ्तार काफी तेज होने पर कार ने पहले साइकिल फिर बाइक और स्कूटी को टक्कर मारी, लाल बत्ती पर पहुंचने पर ई-रिक्शा और फिर खड़ी आरटीवी बस में टक्कर मारी, जिसमें करीब 15 सवारी मौजूद थी। इस बीच कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। लोगों ने मौके पर पहुंचकर कार से चालक को घायलावस्था में बाहर निकाला जो पूरी तरह से बेहोश और खून से लथपथ हालत में था। पुलिस कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना दी।  सूत्रों की मानें तो आरोपी का मेडिकल कराया गया है। जिसमें उसके नशे में होने की बात सामने आई है। मेन रोड पर रेहड़ी पटरी लगाने वाले लोगों ने बताया कि सात बजे तक सब सामान्य था। हर रोज की तरह यहां पर वाहनों का आना-जाना था। इस बीच सफेद रंग की दिल्ली नंबर की फॉच्र्यूनर कार तेजी से आई। जिसके पीछे लोग भी भाग रहे थे। जिसको देखकर लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। कार ने कई वाहनों को टक्कर मारी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil dev

Recommended News

Related News