रोहतांग दर्रे में 2 फुट बर्फबारी, लाहौल के लोगों की बढ़ी परेशानी

punjabkesari.in Wednesday, Nov 14, 2018 - 08:27 PM (IST)

मनाली: पल-पल रंग बदल रहे मौसम ने लाहुलियों की दिक्कतों को बढ़ा दिया है। सुबह के समय घाटी में धूप खिली तो लोगों ने राहत की सांस ली लेकिन राहत अधिक देर तक नहीं मिली। दोपहर बाद फिर से मेघों के बरसने का क्रम शुरू हो गया और घाटी में बारिश व पहाड़ों में बर्फबारी शुरू हो गई। बुधवार को रोहतांग दर्रे में 2 फुट व कोकसर में एक फुट बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा मनाली के सोलंगनाला में भी बुधवार को हल्की बर्फबारी का दौर चलता रहा।

गांवों की सड़कें अवरुद्ध, बस सेवा प्रभावित
वहीं घाटी के कोकसर, डिम्फू, सिस्सू, गोंदला, दारचा, योचे, जिस्पा, गवाड़ी व मयाड़ के अपर वैली में भारी बर्फबारी होने से ग्रामीणों की दिक्कतें बढ़ी हैं। बर्फबारी से गांवों की सड़कें भी अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे घाटी में बस सेवा प्रभावित चल रही है। मौसम साफ  रहने से सुबह घाटी में छोटे वाहन चल पड़े थे लेकिन दोपहर बाद वाहन सेवा ठप्प हो गई है। बी.आर.ओ. ने केलांग-सिस्सू मार्ग बहाल रखा है, जिससे रोहतांग टनल द्वारा मनाली-लाहौल आने-जाने वालों को अभी सुविधा मिली है लेकिन बर्फबारी अधिक हुई तो यह मार्ग भी वाहनों के लिए बंद हो जाएगा। प्रशासन द्वारा रोहतांग दर्रे के दोनों छोरों पर स्थापित की गई बचाव चौकियों के जवान भी लगातार दर्रे के रास्ते की रैकी कर रहे हैं।

लाहौल के किसानों-बागवानों पर भारी पड़ा मौसम
इस बार लाहौल के किसानों-बागवानों पर मौसम भारी पड़ा है। 23 सितम्बर को हुई भारी बर्फबारी से लाहौल किसान-बागवान बैकफुट पर आ गए हैं। सालों की मेहनत से तैयार किए बगीचे मौसम की भेंट चढ़ गए हैं, साथ ही किसानों की आलू की फसल भी खराब हो गई। केलांग निवासी रोकी, दोरजे व जगदीश ने बताया कि इस बार सॢदयों की शुरूआत समय से पहले ही हो गई है। उन्होंने बताया कि बुधवार को सुबह के समय धूप खिली जबकि दोपहर बाद एक बार फिर बर्फबारी शुरू हो गई।

मौसम के बदले रंग ने परेशान किए लोग
एच.आर.टी.सी. के केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेपा का कहना है कि बर्फबारी के कारण घाटी में यातायात व्यवस्था बनाए रखने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को भी क्षेत्र में भारी हिमपात हुआ है, ऐसे में यहां पर देर शाम यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। लाहौल-स्पीति में मौसम के बदले रंगों ने लोगों को परेशान कर रखा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News