राजेंद्र राणा बोले-पूरी शान से चलता रहेगा समाजसेवा का कारवां

punjabkesari.in Wednesday, Nov 14, 2018 - 07:17 PM (IST)

सुजानपुर: विधायक राजेंद्र राणा ने बुधवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की डेरा, सुजानपुर, दाड़ला, करोट, चबूतरा, मति-टीहरा, ख्याह, सराहकड़ व अणु पंचायतों के अपने दौरे के दौरान विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्हें आगामी 25 नवम्बर को सुजानपुर के चौगान में सर्वकल्याणकारी संस्था द्वारा आयोजित किया जा रहे वार्षिक समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि जनता की नि:स्वार्थ सेवा उनके जीवन का लक्ष्य है और कोई भी ताकत उन्हें इस लक्ष्य से वंचित नहीं कर सकती।

17 वर्षों से पीड़ित मानवता की सेवा में जुटी संस्था
उन्होंने कहा सर्वकल्याणकारी संस्था पिछले 17 वर्षों से पीड़ित मानवता की सेवा व सामाजिक कार्यों में जुटी है और इस संस्था में पूरे देश में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा संस्था ने किसी की मदद करते हुए न तो उसकी कभी जाति पूछी है, न धर्म पूछा है और न ही कभी राजनीतिक विचारधारा पूछी है बल्कि जरूरतमंद की मदद को ही अपना कर्म और फर्ज समझा है। उन्होंने कहा कि सर्व कल्याणकारी संस्था द्वारा सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की धरती पर ही दर्जनों नि:शुल्क मैडीकल कैंप आयोजित करके जनता को देश के चोटी के विशेषज्ञ डाक्टरों की सेवाएं उपलब्ध करवाई गई है।

समारोह में नवाजी जाएंगी 31 जानी-मानी हस्तियां
इसके अलावा देश व प्रदेश का नाम रोशन करने वाली हस्तियों को संस्था ने सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया है ताकि अन्य लोगों को भी उनके कार्यों व जीवन से प्रेरणा मिले। उन्होंने कहा कि 25 नवम्बर को आयोजित होने जा रहे संस्था के वार्षिक समारोह में पंजाब, हिमाचल व हरियाणा से कई शख्सियतें भाग लेंगी और समारोह की शोभा बढ़ाएंगी। उन्होंने कहा कि इस समारोह में 31 जानी-मानी हस्तियों को शान-ए-हिंद, शान-ए-हिमाचल व हमीर गौरव अवार्ड से नवाजा जाएगा।

विकास में रोड़ा लगाने वाली ताकतों को भलिभांति जानती है जनता
उन्होंने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र को विकास के मामले में एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना उनके जीवन का लक्ष्य है और पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से इस विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए मील पत्थर स्थापित किए थे और करोड़ों रुपए की राशि विकास कार्यों के लिए मंजूर करवाई थी लेकिन प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद कुछ ताकतों द्वारा राजनीतिक कारणों से यहां के विकास कार्यों को रोका जा रहा है। सुजानपुर के विकास में रोड़ा लगाने वाली ताकतों को यहां की जनता भलीभांति जानती है और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में जनता ऐसी ताकतों को करारा सबक सिखाने का पूरा मन बनाए हुए है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News