अनुराग ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले-विकास पर देते ध्यान तो आज भारत होता विकसित देश

punjabkesari.in Tuesday, Nov 13, 2018 - 10:10 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): लोकसभा में पार्टी चीफ व्हिप और हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने राफेल डील पर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा की जा रही झूठी बयानबाजी को देश की साख को धूमिल करने का प्रयास बताते हुए कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी 60 वर्षों से झूठ बोलने की बजाय विकास करने पर ध्यान देती तो आज भारत एक विकसित देश होता। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए देश सर्वोपरि है और हम राष्ट्रीय सुरक्षा व अस्मिता को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मगर इसके ठीक उलट कांग्रेस पार्टी के नेता खोखले दावों और झूठी बातों से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर देश की साख को गिराने का प्रयास करते रहते हैं।

देश की सुरक्षा संबंधी एक अहम सैन्य डील है राफेल
उन्होंने कहा कि फ्रांस से राफेल डील देश की सुरक्षा संबंधी एक अहम सैन्य डील है, जिसे लेकर शुरूआत से ही कांग्रेस पार्टी भ्रामक प्रचार और झूठी अफवाहें फैला रही है। राफेल लड़ाकू विमान बनाने वाली दसाल्ट, एविएशन कंपनी पर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों पर कंपनी के सी.ओ. एरिक ट्रैपियर के स्पष्टीकरण ने राहुल गांधी को आईना दिखाने और उनके झूठ की पोल को खोलने का काम किया है। उन्होंने राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद से देश की वायु सेना को मजबूती मिलेगी और खुद सेना इस खरीद का समर्थन कर रही है। राफेल में रक्षा खरीद सौदे की तय प्रक्रिया का पालन किया गया है।

डील से पहले डिफैंस एक्यूजिशन काऊंसिल की ली थी मंजूरी
उन्होंने कहा कि 36 राफेल विमानों को खरीदने का सौदा करने से पहले डिफैंस एक्यूजिशन काऊंसिल की मंजूरी ली गई थी। इतना ही नहीं, करार से पहले फ्रांस के साथ सौदेबाजी के लिए इंडियन नैगोसिएशन टीम गठित की गई थी, जिसने करीब एक साल तक सौदे की बातचीत की और खरीद सौदे पर हस्ताक्षर से पहले कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी व कंपीटैंट फाइनांशियल अथॉरिटी की मंजूरी ली थी। इसके बावजूद कांग्रेस पार्टी राफेल को लेकर अफवाहें फैला रही है जोकि उनकी राष्ट्र विरोधी मानसिकता को दिखाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News