राजकीय सम्मान के साथ हुआ केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का अंतिम संस्कार

punjabkesari.in Tuesday, Nov 13, 2018 - 04:43 PM (IST)

नई दिल्लीः केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक और संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार का मंगलवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। कुमार के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया उनके छोटे भाई नंद कुमार ने पूरी की। कुमार का अंतिम संस्कार नारों के बीच चमराजपेट श्मशान घाट पर समरथ ब्राह्मण रीति-रिवाज से किया गया। अंतिम संस्कार के समय श्मशान घाट पर अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में कुमार के शुभचिंतक मौजूद थे और वह‘अनंत कुमार अमर रहे और भारत माता की जय’के नारे लगा रहे थे। अंत्येष्टि से पहले कुमार को 21 तोपों की सलामी दी गई।  

PunjabKesari

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बुजुर्ग नेता और पूर्व उप-प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कर्नाटक भाजपा प्रमुख और पूर्व सीएम बी एस येद्दियुरप्पा, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, रेल मंत्री पीयूष गोयल, कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद, तेल एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धमेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री विजय गोयल और महेश शर्मा के अलावा अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

PunjabKesari

कुमार का 59 वर्ष की उम्र में सोमवार को फेफड़े के कैंसर से निधन हो गया था। वह बेंगलुरु दक्षिण से सांसद थे। पिछले माह अमेरिका और ब्रिटेन से उपचार कराकर लौटे कुमार पिछले कई दिन से बेंगलुरु में एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। 

PunjabKesari

वेंटिलेटर पर थे अनंत कुमार
59 वर्षीय अनंत कुमार का आज तड़के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पिछले कुछ दिनों से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। वे फेफड़े के कैंसर से जूझ रहे थे। आज तड़के 2 बजे जब कुमार ने अंतिम सांस ली तो उस वक्त उनकी पत्नी तेजस्विनी और दोनों बेटियां अस्पताल में मौजूद थीं। अमेरिका और ब्रिटेन में इलाज कराने के बाद वे हाल में ही बेंगलुरु लौटे थे। उनका यहां शंकरा अस्पताल में उपचार चल रहा था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil dev

Recommended News

Related News