लाहौल में BJP नेता ने अपनी ही सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, जानिए क्यों

punjabkesari.in Monday, Nov 12, 2018 - 10:18 AM (IST)

मनाली (ब्यूरो): लाहौल-घाटी में बिना बर्फबारी के एक बार फिर एच.आर.टी.सी. के पहिए थम गए हैं। रविवार को प्रशासन ने खराब मौसम का हवाला देते हुए घाटी से बाहरी जिलों को जाने वाली निगम की बस सेवा को रोक दिया, ऐसे में लाहौल-स्पीति के लोगों को 1000 से 1200 रुपए प्रति व्यक्ति टैक्सियों में किराया देकर सफर करना पड़ रहा है। रविवार को रोहतांग दर्रे पर एच.आर.टी.सी. की बसों की आवाजाही को रोक दिया गया। लिहाजा बसों की अवाजाही थम जाने के बाद क्षेत्र के लोगों की दिक्कतें भी बढ़ गई हैं। समस्या को गंभीर बताते हुए लाहौल के लोगों ने अब प्रशासन व सरकार के खिलाफ  मोर्चा खोल दिया है। 

इस फेहरिस्त में जिला भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं वारपा पंचायत के प्रधान सत प्रकाश ने अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका कहना है कि रोहतांग दर्रे पर रविवार को मौसम इतना भी खराब नहीं था कि उस रास्ते पर बसों को नहीं भेजा जा सकता। उन्होंने कहा कि आधिकारिक तौर पर जहां रोहतांग दर्रे को 15 नवम्बर से बंद किया जाना है, वहीं प्रशासन ने दर्रे पर 11 नवम्बर से ही एच.आर.टी.सी. की बसों की सेवा को बंद कर दिया है जो सरकार व प्रशासन का सही कदम नहीं है। 

उन्होंने कहा कि लाहौल के लोगों का अधिकतर काम कुल्लू व मनाली में है, ऐसे में घाटी से बाहर जाने वाले लोगों को बस सुविधा न मिल पाने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दर्रे पर छोटे वाहनों पर सफर करना इन दिनों काफी जोखिम भरा है लेकिन बसों में सफर करना इतना जोखिम भरा नहीं है, प्रशासन को यह बात समझनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि रोहतांग दर्रे पर जब तक बर्फबारी का दौर शुरू नहीं होता तब तक प्रशासन को एच.आर.टी.सी. की बस सेवा को बहाल रखना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News