आपसी मतभेद के चलते नैना चौटाला के फ्लैट से हटा इनैलो मुख्यालय

punjabkesari.in Monday, Nov 12, 2018 - 08:55 AM (IST)

चंडीगढ़(पांडेय): चौटाला परिवार में शुरू हुई सियासी जंग इनैलो का मुख्यालय बदलने तक पहुंच गई। अजय चौटाला खेमा जिस तरह से नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला को घेरने में लगा हुआ है, उसी तरह से चंडीगढ़ के पार्टी दफ्तर को बदलने की कवायद आखिरकार सिरे चढ़ गई। पार्टी सूत्रों की मानें तो शनिवार की रात अभय चौटाला के निर्देश पर चंडीगढ़ में एम.एल.ए. फ्लैट नंबर-17, सैक्टर-3 स्थित इनैलो के मुख्यालय को खाली कर दिया गया है। 

यह फ्लैट दुष्यंत चौटाला की मां विधायक नैना चौटाला के नाम पर अलाट था। लिहाजा, पारिवारिक लड़ाई शुरू होते ही अभय चौटाला ने पार्टी दफ्तर को दूसरे फ्लैट में शिफ्ट करना मुनासिब समझा। अब इनैलो का मुख्यालय एम.एल.ए. फ्लैट नंबर-109 में संचालित होगा। यह फ्लैट लोहारू के विधायक ओम प्रकाश बरवा के नाम पर है। पिछले कई वर्षों से चंडीगढ़ के सैक्टर-3 स्थित एम.एल.ए. फ्लैट नंबर-17 में इनैलो का पार्टी मुख्यालय था।

इनैलो को यह फ्लैट प्रदेश में चौटाला सरकार के समय अलाट किया गया था। उसके बाद इनैलो द्वारा इस फ्लैट की अलाटमैंट अपने विधायकों के नाम करवाई जाती रही है। पिछले करीब 4 वर्षों से यह फ्लैट डबवाली की विधायक नैना चौटाला के नाम पर अलाट था। हालांकि पछले 4 वर्षों के दौरान बहुत कम ऐसे अवसर आए, जब नैना चौटाला इस कार्यालय में आईं। अधिकतर समय यहां अभय चौटाला व पार्टी अध्यक्ष अशोक अरोड़ा की गतिविधियां ही चलती रही हैं।

 बदले हालात में नैना चौटाला ने इस कार्यालय पर अपना अधिकार जता दिया था। सूत्रों की मानें तो दुष्यंत व दिग्विजय को पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद ही नैना चौटाला ने पार्टी कार्यालय सचिव को कार्यालय से अपना सामान समेटकर कहीं और ले जाने के लिए कह दिया था। शनिवार रात को इनैलो कार्यालय के कर्मचारियों ने यहां से सामान उठाकर फ्लैट नंबर-109 में शिफ्ट कर दिया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static