चुनावों से पहले सुजानपुर BJP मंडल में फेरबदल शुरू

punjabkesari.in Sunday, Oct 21, 2018 - 01:35 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): पिछले विधानसभा चुनावों में सुजानपुर विस क्षेत्र में भाजपा को मिली अप्रत्याशित हार के बाद सुजानपुर भाजपा मंडल के पदाधिकारियों पर हार का ठीकरा फोड़ा गया। उसके बाद कयास शुरू हो गए थे कि सुजानपुर भाजपा मंडल के पदाधिकारी हार की जिम्मेदारी लेंगे और अपना इस्तीफा देंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वहीं, चुनाव हारने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने मंडल को बूथ स्तर पर चुस्त-दुरुस्त करने के लिए बैठकें कीं तथा बिखरे हुए कार्यकर्ताओं को फिर से एकजुट किया लेकिन कुछ मंडल के पदाधिकारियों को निष्क्रियता के चलते अभी भी कार्यकर्ताओं में रोष था। अब सुजानपुर भाजपा मंडल में 2019 लोकसभा चुनावों से पहले मंडल को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए फेरबदल शुरू हो गया है। 

सुजानपुर भाजपा मंडल के महामंत्री अनिल चंदेल को हटाकर पनोह पंचायत के बी.डी.सी. सदस्य अनिल शामा को सुजानपुर भाजपा मंडल का महामंत्री नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि अनिल शामा हाल ही में सुजानपुर ब्लॉक समिति के चुनाव में उपाध्यक्ष बनने की दौड़ में थे लेकिन कांग्रेस की रणनीति के आगे वह एक वोट से उपाध्यक्ष बनने से रह गए थे। उधर, कयास लगाए जा रहे हैं कि सुजानपुर भाजपा मंडल में आगे भी और कई फेरबदल होने की संभावना है, वहीं मंडल के अध्यक्ष कै. रणजीत सिंह का कहना है कि अनिल शामा को मंडल का महामंत्री नियुक्त किया है तथा पार्टी ने अनिल चंदेल को जिला कार्यकारिणी में भेजा है। नवनियुक्त मंडल के महामंत्री अनिल शामा का कहना है कि जो जिम्मेदारी उन्हें पार्टी हाईकमान ने दी है, उस पर खरा उतरेंगे तथा सुजानपुर भाजपा मंडल आगामी लोकसभा चुनावों में सांसद अनुराग ठाकुर को लीड दिलाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News