खुशखबरी: 2019 के चुनाव से पहले यूपी में होगी 50 हजार सिपाहियों की भर्ती

punjabkesari.in Thursday, Oct 18, 2018 - 12:51 PM (IST)

लखनऊः प्रदेश पुलिस में बड़ी संख्या में खाली पड़े पदों को भरने तथा पुलिस बल को और मजबूत बनाने के लिहाज से उत्तर प्रदेश सरकार एक नवंबर से पुलिस भर्ती प्रक्रिया शुरू कर रही है। इस दौरान 56 हजार से भी अधिक पुलिसकर्मी, पुलिस बल, पीएसी, कारागार और दमकल विभाग के लिए भर्ती किए जाएंगे। प्रदेश सरकार के अनुसार, कुल 56,808 भर्तियां होनी हैं। इनमें से 51,216 भर्तियां पुलिस और पीएसी के लिए, 3668 कारागार विभाग के लिए जबकि 1924 दमकल विभाग के लिए होंगी। 

प्रमुख सचिव अरविंद कुमार और पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने संयुक्त रूप से एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि 51,216 पुलिसर्किमयों की भर्ती की जानी है, जिसमें सिविल और पीएसी दोनों जवान शामिल होंगे। इस पद के लिए 1 नवंबर से 30 नवंबर तक फॉर्म भरे जाएंगे। इसकी परीक्षा 4-5 जनवरी 2019 को होने और परीक्षा परिणाम जून 2019 के तीसरे सप्ताह में आने की संभावना है। सिविल कांस्टेबल में 20 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। दमकल विभाग में 1924 पद हैं। इनके लिए 5 नवंबर से 4 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकता है। इसकी परीक्षा की संभावित तिथि 10 जनवरी, 2019 है। परीक्षा परिणाम जुलाई 2019 में आ सकता है।

उन्होंने बताया कि कारागार विभाग के लिए 3668 पद हैं। इनके लिए भी आवेदन अगले महीने किया जा सकता है। परीक्षा की संभावित तिथि 8 और 9 जनवरी 2019 है। परीक्षा परिणाम जुलाई 2019 में आने की संभावना है। किसी भी भर्ती के लिए कोई साक्षात्कार नहीं होगा। इन सभी पदों पर निर्धारित आरक्षण लागू होगा। सिविल कांस्टेबल में महिलाओं के लिए 20 फीसदी पद आरक्षित हैं। भर्ती प्रक्रिया के लिए सिर्फ लिखित परीक्षा होगी। सभी पदों पर भर्तियां एजेंसियों के माध्यम से की जाएंगी। परीक्षा के दौरान मजिस्ट्रेट और पुलिस बल भी तैनात किए जाएंगे। किसी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए एसटीएफ भी भर्ती परीक्षा पर नजर रखेगी।

इससे पहले जून, 2018 में करीब 42 हजार सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों की शिकायतें आने के बाद पुन: परीक्षा के लिए 25-26 अक्टूबर की तारीख तय की गई है। इस परीक्षा में करीब 9 लाख 75 हजार परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे।    


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepika Rajput

Recommended News

Related News

static