बिना नंबर की एक्टिवा सवारों को रोकना पड़ा महंगा

punjabkesari.in Monday, Oct 15, 2018 - 09:55 AM (IST)

जालंधर (शौरी): नामदेव चौक के पास नाके के दौरान बिना नंबर की एक्टिवा को रोकना एक पुलिस कर्मी को महंगा पड़ गया। मौके से भाग निकले उक्त एक्टिवा सवार युवकों का पीछा कर जैसे ही पुलिस कर्मी ने उन्हें रोका तो उन्होंने उसे धक्का दे दिया जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसकी बाजू की हड्डी टूट गई। हालांकि घायल अवस्था में भी उसने हिम्मत दिखाते हुए दोनों युवकों को काबू कर लिया।

जानकारी के मुताबिक मनजिंद्र सिंह पुत्र कुलवीर सिंह निवासी गांव बजूहा कलां नकोदर जोकि पंजाब पुलिस में कांस्टेबल है की ड्यूटी थाना-4 में तैनात एस.एच.ओ. सुखदेव सिंह के साथ बतौर गनमैन लगी है। पुलिस ने नामदेव चौक में नाका लगा रखा था कि इसी बीच रांग साइड से बिना नंबर की एक्टिवा पर सवार 2 युवक तेजी से जा रहे थे। मनजिंद्र सिंह ने एक्टिवा को रोकने का इशारा किया तो आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

मनजिंद्र सिंह उनके पीछे भागा व करीब आधा किलो-मीटर के फासले पर दोनों युवकों को काबू करना चाहा तो उन्होंने उसे धक्का दे दिया जिससे गिरकर उसकी बाजू की हड्डी टूट गई। इस दौरान बाकी पुलिस वाले भी पहुंच गए और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाना 4 ले गए। बताया जा रहा है कि दोनों युवक तेज मोहन नगर बस्ती शेख के निवासी हैं।वहीं घायल पुलिस कर्मी को प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। देर रात तक पुलिस आरोपी युवकों के बारे में जांच कर रही थी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News