जल्द शुरू होगी गन्नौर की अंतर्राष्ट्रीय मंडी : धनखड़

punjabkesari.in Saturday, Oct 13, 2018 - 10:14 AM (IST)

सोनीपत(पवन राठी): कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि राष्ट्रीय कृषि बाजार(नेम) एक देश-एक मार्कीट के लिए सेतु का कार्य कर रहा है। देशभर में हरियाणा ऐसा पहला राज्य है, जहां 80 फीसद फसलों की राष्ट्रीय कृषि बाजार के जरिए ऑनलाइन खरीद की जाती है। फसलों का सीधा पैसा किसानों के खाते में जाता है। ओ.पी. धनखड़ शुक्रवार को सोनीपत अनाज मंडी स्थित राष्ट्रीय कृषि बाजार में वर्ल्ड यूनियन ऑफ होलसेल मार्कीट (व्योम) के दुनियाभर के 16 देशों व देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को सम्बोधित कर रहे थे। 
PunjabKesari
धनखड़ ने कहा कि मौजूदा समय में हरियाणा में 108 मंडियां व सब यार्ड हैं। प्रदेश के किसानों को फसल बेचने के लिए 10 किलोमीटर से दूर जाने की आवश्यकता नहीं है। हम हरियाणा में धान और गेहूं की 100 प्रतिशत खरीद अपनी मंडियों के जरिए कर रहे हैं। पिछले सीजन में हमने 6 मिलियन टन धान और 8.7 मीलियन टन गेहूं की खरीद प्रदेश की मंडियों में की है। वर्तमान सीजन में हम 100 प्रतिशत बाजरे की खरीद सरकारी तौर पर अपनी मंडियों के माध्यम से कर रहे हैं। 
PunjabKesari
धनखड़ ने कहा कि जिस राष्ट्रीय राजमार्ग पर आप लोगों ने आज सफर किया है वह दिल्ली से चंडीगढ़ तक जाता है। यह देश का सबसे बड़ा फूड हाईवे है और यह प्रतिवर्ष 2 हजार करोड़ रुपए का कारोबार करता है। कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि सरकार किसानों के हितों में काम कर रही है। इसी के मद्देनजर गन्नौर में करीब 600 एकड़ भूमि पर मंडी का कार्य चल रहा है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। 
PunjabKesari
उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी मंडी का अनुभव अभी तक हमारे पास नहीं था और जो कम्पनियां आगे आई उन्होंने भी कभी इतने बड़े प्रोजैक्ट पर कार्य नहीं किया था इसलिए मंडी के निर्माण में देरी हुई है परंतु अब वहां कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा सोनीपत में भी एक मसाला मंडी का निर्माण किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने किसानों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। इसके बाद व्योम के प्रतिनिधिमंडल ने सोनीपत अनाजमंडी का दौरा किया और यहां धान खरीद व बिक्री की व्यवस्था की जानकारी ली।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static