जोहोर कप : भारत ने चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को 5-4 से लुढ़काया

punjabkesari.in Thursday, Oct 11, 2018 - 08:45 AM (IST)

जोहोर बाहरू : 8वें सुल्तान जोहोर कप हॉकी टूर्नामैंट में भारतीय जूनियर पुरूष हॉकी टीम ने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए गत चैंपियन आस्ट्रेलिया को 5-4 से हरा दिया। भारत की यह लगातार चौथी जीत है। इसके साथ ही वह अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर आ गया है। भारत अब शुक्रवार को ब्रिटेन के खिलाफ अपना आखिरी मैच खेलेगा। युवा भारतीय टीम ने मैच में शानदार शुरूआत की थी। गुरसाहिबजीत सिंह ने 5वें मिनट में मैदानी गोल से भारत को 1-0 से आगे कर दिया। इसके अगले 4 मिनट में भारत ने 3 गोल कर डाले। इस तरह पहले ही क्वार्टर में भारत के पास 4-0 की बढ़त हो गई थी।

हसप्रीत सिंह ने 11वें, कप्तान मनदीप मोर ने 14वें और विष्णुकांत सिंह ने 15वें मिनट में गोल किए। लेकिन दूसरे क्वार्टर में भारत का डिफेंस लडख़ड़ा गया और आस्ट्रेेलिया ने 18वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया। डैमन स्टेफंस ने स्ट्रोक पर गोल कर दिया। उन्होंने 35वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर आस्ट्रेलिया का दूसरा गोल किया।   शिलानंद लाकड़ा ने 43वें मिनट में गोल कर भारत को 5-2 से आगे कर दिया। आस्ट्रेलिया ने 59वें मिनट में फिर पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया जिसे स्टेफंस ने गोल में बदलकर स्कोर 3-5 कर दिया। आस्ट्रेलिया को अंतिम मिनट में पेनल्टी कार्नर मिला और स्टेफंस ने गेंद को गोल में पहुंचाते हुए स्कोर 4-5 किया। भारत ने आखिरी क्षणों में बड़ी मुश्किल से मैच 5-4 से अपने नाम किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Jasmeet

Recommended News

Related News