विस उपाध्यक्ष बोले-15 दिन में तीसा अस्पताल को डाक्टर नहीं मिले तो करूंगा धरना

punjabkesari.in Wednesday, Oct 10, 2018 - 08:31 PM (IST)

तीसा: चुराह विधानसभा क्षेत्र के सिविल अस्पताल तीसा में चिकित्सकों के रिक्त चल रहे पदों को भरने का मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है। यह आश्वासन अगर अगले 15 दिनों के भीतर पूरा नहीं होता है तो चुराह की जनता के साथ मैं भी धरने पर बैठ जाऊंगा। यह बात प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने बुधवार को चुराह उपमंडल मुख्यालय के सिविल अस्पताल के पास चिकित्सकों की मांग को लेकर पिछले 6 दिनों से क्रमिक भूख हड़ताल का मोर्चा संभाले हुए चुराह विकास मंच के प्रतिनिधियों व सदस्यों के साथ बातचीत करते हुए कही। उनकी इस घोषणा के बाद ही हड़ताल का मोर्चा संभाले मंच के सदस्यों ने अपने इस आंदोलन को समाप्त करने की घोषणा कर दी। हड़ताल के छठे दिन क्रमिक भूख हड़ताल का मोर्चा मंच के सदस्य जन्म सिंह व राजकुमार ने संभाला था। विस उपाध्यक्ष ने दोनों को जूस पिलाकर यह आंदोलन समाप्त करवाया।

क्षेत्र की प्रत्येक समस्या को लेकर हूं गंभीर
विस उपाध्यक्ष ने इस मौके पर कहा कि वह चुराह घाटी की प्रत्येक समस्या को लेकर गंभीर हैं और उन्हें हल करने के लिए वचनबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने बिना किसी व्यवस्था के स्कूल व स्वास्थ्य केंद्र खोल दिए। ऐसा करके कांग्रेस ने लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा कि पिछले 9 माह के दौरान उन्होंने अपने क्षेत्र में अध्यापकों को तरस रहे स्कूलों में अध्यापकों की तैनाती करवाई तो साथ ही चिकित्सकों की कमी को भी दूर करने का प्रयास किया।   

सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहे शब्द लिए वापस
मंगलवार रात को विस उपाध्यक्ष हंसराज ने सोशल मीडिया के माध्यम से चुराहवासियों को एक संदेश दिया था। इस संदेश में आंदोलन पर बैठे लोगों को असामाजिक व वरिष्ठ लोगों को रिटायर्ड तथा टायर्ड करके बुलाया था तो साथ ही उन पर लोगों को बहकाने का आरोप लगाया था। इस पर आंदोलन पर बैठे हुए लोगों ने जब उनके समक्ष इस बयान पर विरोध जताया तो उन्होंने कहा कि उनके शब्दों से अगर किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो वह अपने उन शब्दों को वापस लेते हैं।

छठे दिन ये लोग रहे मौजूद
इस दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग वहां मौजूद थे। वहीं देहात सुधार कमेटी, रामलीला कमेटी, महिला मंडल के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। देहात सुधार समिति के अध्यक्ष दौलत राम राठौर, माधो राम उपाध्यक्ष, नारायण सिंह उपाध्यक्ष, परस राम सदस्य, नजीर शेख महासचिव व राजदीन तथा काफी संख्या में स्थानीय लोग व महिलाएं उपस्थित रहीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News