दिल्ली पर बढ़ा सैलाब का खतरा, खतरे के निशान से ऊपर यमुना का जल स्तर

punjabkesari.in Wednesday, Sep 26, 2018 - 11:52 AM (IST)

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स ): मानसून के आखिरी चरण की बारिश से यमुना में उफान आने से दिल्ली में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। यमुना खतरे के निशान 204.83 को पार कर गई है। मंगलवार रात 9 बजे यमुना का जल स्तर 205.36 पर पहुंच गया और आज इसके और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हथिनी कुंड बैराज से हर घंटे 40 से 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने मुनादी कर यमुना के निचले इलाकों में रहने वालों को स्थान खाली करने को कहा है। 

दिल्ली सरकार ने शुरू कर दी बाढ़ से बचाव की तैयारियां 
दिल्ली सरकार ने बाढ़ से बचाव की तैयारियां एक बार फिर शुरू कर दी हैं। यमुना से सटे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को हटाया जा रहा है। बुधवार से यमुना के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने का खतरा मंडरा रहा है। दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश ने यमुना के जल स्तर में भारी वृद्धि को देखते हुए प्रभावित इलाके के लोगों को बुधवार सुबह 10 बजे तक सरकार द्वारा लगाए टेंट में भेजने का निर्देश जारी किया है। टेंट में भोजन और दवा का पर्याप्त प्रबंध करने को कहा गया है। मुख्य सचिव ने सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, आर्मी अधिकारियों, पुलिस व राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। 

मुख्य सचिव ने दिए एसडीएम को निर्देश 
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों व एसडीएम को निर्देश दिया कि सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में यमुना तट पर नाव का प्रबंध करें। इस आदेश के बाद यमुना के तट पर 13 स्थानों पर नावों को तैनात कर दिया गया है। साथ ही, गोताखोरों को भी तैनात किया गया है, ताकि डूबने वालों को बचाया जा सके। मुख्य सचिव ने सभी विभागाध्यक्षों को अपने विभाग के अधिकारियों को कंट्रोल रूम में तुरंत तैनात करने के निर्देश दिए हैं। विभागाध्यक्षों के अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण, जल बोर्ड, परिवहन और डीडीए के अधिकारियों को तुरंत कंट्रोल रूम में तैनात करने को कहा गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil dev

Recommended News

Related News