अब चंडीगढ़ पुलिस के डी.एस.पी. भी होंगे ट्रांसफर

punjabkesari.in Wednesday, Sep 26, 2018 - 08:47 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील): चंडीगढ़ पुलिस के डी.एस.पी. की अब ट्रांसफर नेशनल कैपिटल टेरिटरी आफ दिल्ली, अंंडोमान निकोबार आइसलैंड, लक्षदीप, दमनदीप समूह और नगर हवेली में होगी। उन्हें चंडीगढ़ से बाहर जाकर ड्यूटी करनी होगी। इसके लिए गृह मंत्रालय ने चंडीगढ़ पुलिस के डी.एस.पी. को अब दिल्ली के डी.एस.पी., अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पुलिस सर्विसेज (दानिप्स ) के कैडर में मर्ज कर दिया। गृह मंत्रालय ने चंडीगढ़ पुलिस के डी.एस.पी. का कैडर दानिप्स में मर्ज करने की नोटिफिकेशन 25 सितम्बर को जारी कर दी।

पहले मांगे थे आपत्ति और सुझाव : 20 अप्रैल को गृह मंत्रालय ने चंडीगढ़ पुलिस के डी.एस.पी. को दानिप्स कैडर में मर्ज करने के लिए नोटिफिकेशन के ड्राफ्ट पर सुझाव और आपत्ति को लेकर पुलिस विभाग को पत्र लिखा था। तत्कालीन एस.पी. हैडक्वार्टर ईश सिंघल ने गृह मंत्रालय द्वारा जारी नोटिफिकेशन के ड्राफ्ट को चंडीगढ़ पुलिस की वैबसाइट पर अपलोड करवाया था। उन्होंने लोगों से चंडीगढ़ के डी.एस.पी. को दानिप्स कैडर में बदलने को लेकर आपत्ति और सुझाव 19 मई तक मांगे थे। 

डी.एस.पी. के 23 पद
पहले गृह मंत्रालय ने  8 फरवरी, 2018 को नोटिफिकेशन जारी कर चंडीगढ़ पुलिस में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पुलिस सर्विसेज (दानिप्स) कैडर के छह डी.एस.पी. की मंजूरी दी थी। इसके साथ ही चंडीगढ़ के डी.एस.पी. को दानिप्स कैडर में को जल्द से जल्द मर्ज करने का आश्वासन दिया था। अब चंडीगढ़ मेंं दानिप्स कैडर के सिर्फ छह डी.एस.पी. ही चंडीगढ़ में डेपुटेशन पर आएंगे। चंडीगढ़ पुलिस में इस समय डी.एस.पी. के कुल 23 पद हैं, जिनमें आठ डी.एस.पी. दानिप्स कैडर के तैनात  हैं।

डैपुटेशन पर रोक  लगाने को लेकर इंस्पैक्टर और डी.एस.पी. हो गए थे आमने-सामने 
डी.एस.पी. की डेपुटेशन पर रोक लगाने को लेकर चंडीगढ़ पुलिस के इंस्पैक्टर और डेपुटेशन पर आए डी.एस.पी. आमने-सामने हो चुके हैं। चंडीगढ़ के डी.एस.पी. ने कैट से लेकर हाईकोर्ट तक दरवाजा खटखटाया। कैट की मामले की सुनवाई के दौरान डेपुटेशन पर आए डी.एस.पी. रश्मी यादव, डी.एस.पी. सतीश कुमार, डी.एस.पी. दीपक  यादव, डी.एस.पी. पवन कुमार, डी.एस.पी. कृष्ण कुमार, डी.एस.पी. सुखराज कटेवा, डी.एस.पी. अंजिता चेपियाल और डी.एस.पी. राजीव अबस्ता को गृह मंत्रालय वापस अपने कैडर बुलाने के आदेश दे चुका था।

 लेकिन डेपुटेशन पर आए डी.एस.पी. ने मामले को लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रखी है जिसके चलते मामला अभी लंबित है, जिसके बाद मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन रहा। इसके बाद गृह मंत्रालय ने तुरंत दानिप्स कैडर के छह डी.एस.पी. को चंडीगढ़ पुलिस में मर्ज कर दिया था। 

अब एम.एच.ए. तय करेगा ट्रांसफर 
कैडर मर्ज होने के बाद दानिप्स से चंडीगढ़ में डैपुटेशन पर आए डी.एस.पी. का डैपुटेशन खत्म हो जाएगा। अब चंडीगढ़ पुलिस सर्विसेज कैडर के दानिप्स में विलय के बाद एम.एच.ए. यह तय करेगा कि किस डी.एस.पी. को चंडीगढ़ में रखना है और किसे दिल्ली, अंडमान निकोबार या कैडर के अंदर आने वाले दूसरे स्थानों पर भेजा जाना है।

पंजाब-हरियाणा के डी.एस.पी. की नहीं होगी पोस्टिंग 
नोटिफिकेशन के बाद हरियाणा और पंजाब के डी.एस.पी. अब डैपुटेशन पर चंडीगढ़ पुलिस ज्वाइन नहीं कर सकेंगे। चंडीगढ़ पर अपने हक को लेकर हरियाणा और पंजाब सरकार लगातार दावा करती है।

डी.एस.पी. कर सकते हैं कोर्ट का रुख 
एम.एच.ए. की ओर से जारी नोटिफिकेशन के बाद चंडीगढ़ पुलिस में भूचाल मच गया है। वहीं अधिकारिक सूत्रों की मानें तो चंडीगढ़ पुलिस के कुछ डी.एस.पी. के कोर्ट में जाने के संकेत भी मिल रहे हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

bhavita joshi

Recommended News

Related News