हिमाचल की बेटी ने India का नाम Bharat करने को MP की राज्यपाल से मांगा समर्थन

punjabkesari.in Tuesday, Sep 25, 2018 - 06:46 PM (IST)

घुमारवीं: मिस हिमालया का खिताब जीत चुकी व सामाजिक तथा राष्ट्रहित में कुछ नया करने की सोच रखने वाली ऋषिकेश गांव की नेहा चौधरी ने गर्व से कहो हम भारतीय हैं हस्ताक्षर अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया है। नेहा ने मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से भेंट कर इंडिया का नाम अधिकृत रूप से भारत करने को समर्थन मांगा जिस पर राज्यपाल ने अपना समर्थन नेहा को दिया। नेहा के इस अभियान को चलाने का उद्देश्य राष्ट्रीय स्वाभिमान हेतु इंडिया का नाम अधिकृत रूप से भारत किया जाना है। इस अभियान को नेहा चौधरी ने जनवरी, 2018 से शुरू कर दिया है। इसकी शुरूआत हिमाचल से की गई है, जहां पर नेहा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भेंट कर चुकी हैं। इस क्रम को नेहा ने लगातार आगे बढ़ाया हुआ है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री से भी मांग चुकी हैं समर्थन
गौरतलब है कि जिला के ऋषिकेश गांव की नेहा चौधरी देशहित और राष्ट्रीय स्वाभिमान हेतु गर्व से कहो हम भारतीय हैं संदेश के साथ इंडिया का नाम अधिकृत रूप से भारत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। अलग-अलग राज्यों में जाकर हस्ताक्षर अभियान से इसको आगे बढ़ा रही हैं। कुछ दिन पहले नेहा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर इस अभियान के लिए समर्थन मांगा था। इसी कड़ी को जारी रखते हुए अब नेहा ने राजभवन भोपाल पहुंचकर मध्य प्रदेश की राज्यपाल से समर्थन मांगा।

सामाजिक क्षेत्र व मॉडलिंग की दुनिया में स्थापित किए हैं कई आयाम
गौर रहे कि नेहा चौधरी ने कम समय में सामाजिक क्षेत्र व मॉडलिंग की दुनिया में कई आयाम स्थापित किए हैं। मिस हिमालया, मिस ग्लोरी ऑफ  इंडिया वर्ष-2017 व मिस अखंड भारत-2017-18 का खिताब जीत कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। इसके अलावा नेहा चौधरी महिला सशक्तिकरण और सेव गल्र्स के लिए जनजागरण कर रही हैं। नेहा का कहना है कि फिल्म और ग्लैमर से जुड़े व्यक्तियों को अपने काम के साथ मानवता व राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर भी काम करना चाहिए क्योंकि आज देश में युवा पीढ़ी फैशन व ग्लैमर से जुड़े व्यक्तियों को अपना रोल मॉडल मानती है इसलिए हमारा दायित्व है कि हम राष्ट्र व समाज हित में निरंतर काम करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News