पुलिस के हाथों हुआ मूर्ति विसर्जन, ''गणपति बप्पा मोरया'' के जयकारों से गूंजी छोटी काशी (Video)

punjabkesari.in Monday, Sep 24, 2018 - 01:47 PM (IST)

मंडी (नीरज): इस बार मंडी शहर में स्थापित सभी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन पुलिस जवानों के हाथों हुआ। प्रशासन ने किसी को भी ब्यास नदी में जाने नहीं दिया और कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस के जवानों ने ही गणेश प्रतिमाओं को ब्यास नदी में विसर्जित किया। बता दें कि पिछले कल से हो रही भारी बारिश के कारण ब्यास नदी के जलस्तर में भारी ईजाफा हुआ है। लारजी और पंडोह डैम से पानी छोड़ा गया है जिस कारण ब्यास नदी खतरे के निशान से उपर बह रही है। ऐसे में आज गणेश विसर्जन भी होना था। प्रशासन ने पहले ही ब्यास नदी किनारे पुलिस बल को तैनात कर दिया। 
PunjabKesari

खुद डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर मौके पर मौजूद रहे और गणेश विसर्जन अपनी आंखों के सामने संपन्न करवाया। जो भी गणेश प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए लेकर आए उनसे नदी से काफी दूर पूजा अर्चना करवाई गई और उसके बाद गणेश प्रतिमा को पुलिस कर्मियों ने अपने हाथों से ब्यास नदी में विसर्जित किया। यहां पर सुरक्षा के सभी पुख्ता प्रबंध किए गए थे। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न घटे इसलिए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। वहीं लोगों में गणेश विसर्जन को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। 
PunjabKesari

कुछ समय के लिए बारिश भी रूक गई और शहर में गणेश प्रतिमाओं के साथ भव्य शोभायात्राएं निकाली गई, जिसमें स्थानीय देवी देवता भी शामिल हुए। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों से पूरी छोटी काशी गूंजायमान हो उठी। मंदिरों में गणेश उत्सव के दौरान जारी विशेष आयोजन गणेश विसर्जन के साथ संपन्न हो गए।


 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News