अखलाक हत्याकांड का मुख्य आरोपी नोएडा के संसदीय सीट से लड़ेगा लोकसभा चुनाव

punjabkesari.in Monday, Sep 24, 2018 - 01:39 PM (IST)

मेरठः उत्तर प्रदेश नवनिर्माण सेना ने राजस्थान के राजसमंद में एक मुस्लिम की हत्या करने वाले शंभूलाल रैगर के बाद अब प्रदेश के बिसाहड़ा (दादरी) में अखलाक हत्याकांड के मुख्य आरोपी रुपेन्द्र को नोएडा संसदीय सीट से चुनाव में उतारने का निर्णय किया है।       

सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जानी ने बताया कि वह बिसाहड़ा पहुंच कर इसकी आधिकारिक घोषणा करेंगे।  गौरतलब है कि इससे पहले नवनिर्माण सेना राजस्थान के राजसमंद में एक मुस्लिम की हत्या करने वाले शंभूलाल रैगर को आगरा लोकसभा से चुनाव लड़ाने की घोषणा कर चुकी है।   

18 अक्टूबर को मथुरा में धर्म संसद बुलाने की तैयारी 
उनका कहना है कि उनकी पार्टी द्वारा 18 अक्टूबर को मथुरा में धर्म संसद बुलाने की तैयारी भी की जा रही है। मेरठ निवासी अमित जानी विवादों की वजह से हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। वह मायावती की मूर्ति तोडऩे के मामले में जेल भी जा चुके हैं।       

क्या है अखलाक कांड ?
बता दें कि अखलाक कांड लगभग 3 साल पुराना है। ग्रेटर नोएडा में दादरी बिलाहदा गांव में 28 सिंतबर 2015 को यह घटना घटी। उस दिन बकरीद का दिन था। शाम को अचानक पास के एक मंदिर में लाउडस्पीकर पर कोई घोषणा करता है कि गांव के अखलाक के घर गौमांस पड़ा है। इतना ही नहीं उसने गाय की हत्या की है और गोमांस खाया भी है। इस घोषणा के बाद कुछ लोग अचानक लाठी-डंडे लेकर अखलाक के घर पहुंच जाते हैं। गौमांस खाने और घर में रखने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर देते हैं। 

इस दौरान बीच बचाव आए अखलाक के बेटे को भी लोग नहीं छोड़ते। घर के अन्य परिजनों पर भी लाठी डंडों के साथ हमला करते हैं। इस घटना में अखलाक को लोग बहुत बेरहमी से मारते हैं। गौमांस का आरोप लगाने वाले लोगों ने अखलाक के साथ मारपीट करते हुए सिलाई मशीन से उसका सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। घटना में अखलाक का बेटा काफी गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस घटना से सियासी गलियारों में भी हलचल काफी तेज हो गई थी। इस मामले में लगभग 17 लोगों को नामजद किया गया था। जिसमें से 14 अब इलाहाबाद हाई कोर्ट से मिली जमानत पर बाहर आ चुके हैं। हालांकि इसकी कोई पुष्टी नहीं हुई कि अखलाक के घर में गौमांस पड़ा था या नहीं। यूपी पुलिस की शुरूआती जांच रिपोर्ट में इस मटन बताया गया था, लेकिन इसी बीच मथुरा के फोरेंसिक लैब से आई रिपोर्ट में कहा गया कि अखलाक के घर मिला मांस गोमांस ही था। इसी मामले में रुपेन्द्र को मुख्य आरोपी पाया गया था। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ruby

Recommended News

Related News

static