डोभी बिहाल में फंसे लोगों के लिए फरिश्ता बना प्रशासन, ऐसे बचाईं 19 जानें

punjabkesari.in Sunday, Sep 23, 2018 - 10:14 PM (IST)

मनाली: मनाली-कुल्लू नैशनल हाईवे पर डोभी बिहाल में तिब्बती कालोनी के पास शनिवार रात को डोभी नाला और ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ जाने से 19 लोग फंस गए। ये लोग बिहाल में कैंपिंग साइट व फिश बीज फार्म में ठहरे थे जो रात को इधर-उधर से पानी आने से फंस गए। रात को लोगों को खतरे का आभास नहीं हुआ। सुबह उन्होंने देखा कि वे दोनों ओर से पानी से घिर गए हैं। लोग पानी कम होने के इंतजार में थे लेकिन डोभी नाले में बादल फटने से स्थिति और भी गंभीर हो गई। प्रशासन को लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। वन एवं परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर भी कुल्लू दौरे पर थे, उनकी अध्यक्षता में रैस्क्यू कार्य शुरू हुआ। जब कोई हल नहीं निकला तो उन्होंने चौपर की व्यवस्था की। शाम साढ़े 4 बजे चौपर घटनास्थल पर पहुंचा और 19 लोगों को रैस्क्यू किया।

पैराग्लाइडिंग की लैंडिंग साइट में फंस गए थे लोग
ट्राऊट फिश फार्म में सेवारत ऊषा और कमल ने बताया कि वे रात से वहां फंसे हुए थे। उन्होंने बताया कि रात को लगभग 11 बजे डोभी नाले में पानी बढऩे से पानी उन तक पहुंच गया। स्थानीय निवासी शीलू ने बताया कि उन्होंने फंसे लोगों को हिम्मत दी और स्थिति को संभालने का भरपूर प्रयास किया। उन्होंने बताया कि लोग पैराग्लाइडिंग की लैंडिंग साइट में फंस गए थे।

2 महिलाओं और 17 पुरुषों को किया रैस्क्यू
डी.सी. यूनुस ने बताया कि 2 महिलाओं और 17 पुरुषों को रैस्क्यू किया गया है। उन्होंने लोगों को ब्यास नदी से दूर रहने की सलाह दी। वहीं मंत्री गोविंद ठाकुर ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन के कार्य व प्रयासों को सराहा तथा स्थिति बिगड़ती देख चौपर की व्यवस्था की और फंसे लोगों की जान बचाई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News