INTUC में चल रही वर्चस्व की जंग में कूदे राष्ट्रीय अध्यक्ष, हरदीप बावा ने सुक्खू पर साधा निशाना

punjabkesari.in Sunday, Sep 23, 2018 - 07:23 PM (IST)

सोलन (नरेश/चिनमय): प्रदेश में इंटक को लेकर चल रही वर्चस्व की जंग में राष्ट्रीय अध्यक्ष की भी एंट्री हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को हुए इंटक के चुनाव को राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. जी. संजीवा रैड्डी ने गैर-कानूनी करार दिया है। उन्होंने इंटक के प्रदेश अध्यक्ष हरदीप बावा के समर्थन में पत्र जारी कर वर्ष 2020 तक इंटक प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से नहीं हुई पर्यवेक्षक की नियुक्ति
इंटक प्रदेशाध्यक्ष हरदीप बावा ने रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि शिमला में हुए इंटक के चुनाव के लिए कोई पर्यवेक्षक नियुक्त ही नहीं किया था, जिसे पर्यवेक्षक बताया जा रहा है उसकी नियुक्ति इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से नहीं हुई है। इंटक राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पत्र जारी कर स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश इंटक के चुनाव अगस्त, 2017 में बिलासपुर में हुए थे जिसमें हरदीप बावा अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. जी. संजीवा रैड्डी को राष्ट्रीय अध्यक्ष की मान्यता देते हैं लेकिन कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविन्दर सिंह सुक्खू उन्हें इंटक का राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं मान रहे हैं।

इंटक से मान्यता प्राप्त यूनियन का पदाधिकारी नहीं
उन्होंने कहा कि इंटक का अध्यक्ष बनने के लिए इंटक से मान्यता प्राप्त यूनियन का पदाधिकारी होना अनिवार्य है लेकिन जिसे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इंटक का अध्यक्ष नियुक्त किया है वह इंटक से मान्यता प्राप्त यूनियन का पदाधिकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रदेश में इंटक से मान्यता प्राप्त 140 यूनियन के सदस्य के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का समर्थन प्राप्त है। इसलिए वह इंटक के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भविष्य में काम करते रहेंगे। इस अवसर पर इंटक महासचिव बी.एस. चौहान, उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, जिला अध्यक्ष सुरजीत राणा, प्रदेश महिला इंटक अध्यक्ष लीला शर्मा, युवा इंटक अध्यक्ष यशपाल ठाकुर, बी.बी.एन. अध्यक्ष गुरमेल चौधरी व बलदेव सिंह उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News