‘ताऊ’ का जमाना याद करवाने की कवायद में अभय चौटाला

punjabkesari.in Sunday, Sep 23, 2018 - 02:57 PM (IST)

हिसार(संजय अरोड़ा): हरियाणा में इनैलो-बसपा का गठबंधन होने के बाद पूर्व उपप्रधानमंत्री स्व. चौ. देवीलाल की 105वीं जयंती पर 25 सितम्बर को जिला सोनीपत के गोहाना में होने वाली पहली रैली को चुनाव से पहले की बड़ी रैली के रूप में दोनों ही दलों के लिए एक बड़ी अग्निपरीक्षा माना जा रहा है। यही वजह है कि इनैलो के स्टार प्रचारक और नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला व बसपा के प्रांतीय नेता रैली को प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाते हुए पिछली रैलियों का रिकार्ड तोडऩे के प्रयासों में हैं। 

जाट लैंड में होने वाली इस रैली की व्यवस्था भी इस कदर की जा रही है कि रैली के बाद भी लंबे समय तक रैली का चर्चा राजनीतिक गलियारे में बना रहे। इनैलो सूत्रों का कहना है कि अभय सिंह चौटाला इस रैली के लिए न केवल पसीना बहा रहे हैं अपितु इस रैली के लिए उनकी यह चाहत है कि वर्ष 1986 में जींद में हुई चौ. देवीलाल द्वारा की गई समस्त हरियाणा रैली की याद को ताजा करवाया जाए। कमोबेश इसी लक्ष्य को लेकर वे खुद और गठबंधन नेताओं को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। 

गौरतलब है कि इनैलो की ओर से पिछले लंबे समय से हर वर्ष 25 सितम्बर को पूर्व उपप्रधानमंत्री स्व. चौ. देवीलाल की जयंती पर सम्मान दिवस रैला का बड़े स्तर आयोजन किया जाता है और पिछली रैलियों में अच्छी भीड़ जुटाकर सियासी ताकत दिखा चुके अभय सिंह चौटाला गोहाना रैली के लिए इस बार इसलिए भी ज्यादा मशक्कत कर रहे हैं क्योंकि पिछली रैलियों की अपेक्षाकृत अधिक भीड़ जुटाकर न्याययुद्ध का नजारा प्रस्तुत करने के साथ साथ इनैलो-बसपा गठबंधन के पक्ष में चुनावी माहौल तैयार किया जा सके। 

उन्होंने शुक्रवार को खुद गोहाना में रैली स्थल पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया और दिशा निर्देश दिए। अभय सिंह चौटाला के अलावा रैली की कामयाबी के लिए पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, सांसद दुष्यंत चौटाला, दिग्विजय सिंह चौटाला व स्वयं अभय सिंह के दोनों बेटे कर्ण व अर्जुन चौटाला भी पूरी ताकत लगाए हुए हैं।

ऐतिहासिक होगी गोहाना रैली : अरोड़ा
इनैलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा का कहना है कि इस बार की यह रैली ऐतिहासिक होगी और सभी पुराने रिकार्ड तोड़ेगी। उन्होंने कहा कि इनैलो का बसपा से गठबंधन होने के बाद माहौल पूरी तरह से हमारे पक्ष में बनता जा रहा है। पूरे हरियाणा से लोग भारी संख्या में रैली में पहुंच कर स्व. चौ. देवीलाल के प्रति अपनी श्रद्धासुमन अॢपत करने के साथ साथ भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ अपने आक्रोश को जाहिर करेंगे। अरोड़ा ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बढ़ते अपराध, किसानों की दुर्दशा, मंदी की मार व बढ़ते भ्रष्टाचार से आम आदमी त्रस्त है और इस सरकार से मुक्ति चाहता है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static