बर्थ-डे मनाकर लौट रहे दोस्तों की कार बिजली के पोल से टकराई, 2 की मौत

punjabkesari.in Sunday, Sep 23, 2018 - 12:13 PM (IST)

लुधियाना(महेश): जालंधर-लुधियाना राष्ट्रीय मार्ग पर काराबारा के निकट रविवार को प्रात: एक सड़क हादसे में कार सवार 2 दोस्तों की दर्दनाक मौत, जबकि 1 गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल शुभम भट्ट (20) को इलाज के लिए सी.एम.सी. अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी है। मृतकों की पहचान एकलव्य शर्मा (20) वासी गांव भामियां परमजीत कालोनी व अश्विनी विज (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया है और शुभम के बयान पर धारा-174 के तहत कार्रवाई की गई है।

हादसा आज प्रात: करीब 3.15 बजे के आसपास हुआ है। एकलव्य के बर्थ-डे पर वे तीनों कार से जालंधर बाईपास से मुंडिया की ओर जा रहे थे। जांच अधिकारी ए.एस.आई. गुरमीत सिंह ने बताया कि बारिश के कारण काराबारा के निकट हाईवे पर पानी खड़ा था और तेज रफ्तार कार जैसे ही पुल से नीचे उतरी तो कार से नियंत्रण खोने पर वह डिवाइडर के मध्य बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल नीचे आ गिरा। कार के दोनों एयर बैग तो खुल गए थे लेकिन फिर भी एकलव्य व अश्विनी नहीं बच पाए। दुर्घटना में एकलव्य की मौके पर ही मौत, जबकि अश्विनी ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया। 

टोल प्लाजा से वापस लौट आए युवक 
गुरमीत ने बताया कि शुभम ने पुलिस को दिए गए बयान में कहा कि चंडीगढ़ रोड पर एक होटल में बर्थ-डे मनाने के बाद तीनों मध्यरात्रि के बाद अश्विनी की कार में फगवाड़ा जाने के लिए निकले थे। तेज बारिश होने की वजह से लाडोवाल टोल प्लाजा से लौट आए, लेकिन घर जाते वक्त रास्ते में यह हादसा हो गया। 

कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को कार से बाहर निकाला  
जोधेवाल थाना प्रभारी माधवी शर्मा ने बताया कि चुनाव की ड्यूटी से प्रात: करीब 3 बजे वह लौटी ही थी।  3.45 बजे इस दुखद हादसे की सूचना आ गई, जिस पर वह तत्काल पुलिस पार्टी के साथ घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मश्कत के बाद तीनों को कार में से बाहर निकाला कर एम्बूलैंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। एकलव्य व अश्विनी के सिर पर गहरी चोटें आई थीं, जिनसे खून बह रहा था। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एल्कोहल पीने की बात सामने नहीं आई है। 

मैंने जाने से रोका भी था, पर नहीं माने 
बी.बी.ए. के छात्र शुभम के पिता देवी भट्ट ने कहा कि एकलव्य का बर्थ-डे मनाने के लिए जब अश्विनी व एकलव्य कार में शुभम को लेने के लिए मेरे घर आए तो मैंने खराब मौसम का हवाला देकर उन्हें जाने से रोका भी था, लेकिन वह नहीं माने और यह कहकर शुभम को साथ ले गए। आधे घंटे में पार्टी करके वापस लौट आएंगे। इसके बाद मुझे इस हादसे के बारे में पता चला।  

इकलौता था एकलव्य 
इकलव्य अपने माता पिता का एकलौता बेटा था। विदेश में पढ़ाई करने के लिए वह आइलैट्स कर रहा था। उसके पिता भूपिंद्र शर्मा का वास्तुशास्त का काम है। एकलव्य की मौत के कारण उसके माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं अश्विनी के पिता मनीला में है। वह यहां अपनी बुआ के बेटे के पास रहता था। उसने कुछ दिन पहले ही अपना नया काम शुरू किया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News