नरेंद बरागटा बने मुख्य सचेतक, कैबिनेट मंत्री के समान मिलेंगी सुविधाएं

punjabkesari.in Saturday, Sep 22, 2018 - 10:26 PM (IST)

शिमला (विकास): पूर्व मंत्री एवं विधायक नरेंद्र बरागटा को मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद बरागटा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुलाकात करके उनका आभार जताया है। मुख्य सचेतक को कैबिनेट मंत्री के समान वेतन सहित अन्य सुविधाएं मिलेंगी। बरागट पूर्व प्रो. प्रेम कुमार धूमल सरकार में 2 बार मंत्री भी रह चुके हैं। सूत्रों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की पैरवी के चलते बरागटा को मुख्य सचेतक की कुर्सी नसीब हुई है। इसी तरह सरकार की तरफ से वरिष्ठ विधायक एवं ओ.बी.सी. के इकलौते कद्दावर नेता रमेश धवाला को उप मुख्य सचेतक बनाए जाने का प्रस्ताव किया गया था लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया।

धवाला का उप मुख्य सचेतक बनने से इंकार
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी इस विषय पर धवाला से चर्चा की थी मगर वह उप मुख्य सचेतक बनने के लिए राजी नहीं हुए। इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शांता कुमार ने भी किसी तरह की पैरवी नहीं की। उल्लेखनीय है कि रमेश धवाला के कारण प्रदेश में प्रो. प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बन पाई थी। वरिष्ठ विधायक होने और ओ.बी.सी. में पैठ रखने के बावजूद धवाला को इस बार मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिल पाया, जिससे उनके समर्थक नाराज भी हैं। उप मुख्य सचेतक के पद पर निकट भविष्य में तैनाती होने की संभावना है, जिसके लिए नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया का नाम भी चर्चा में है।

विधानसभा के बजट सत्र में पारित हुआ था विधेयक
उल्लेखनीय है कि सत्ता पक्ष के 2 सदस्यों को मुख्य सचेतक और उप मुख्य सचेतक बनाए जाने संबंधी विधेयक विधानसभा के बजट सत्र में पारित किया गया था। विपक्ष के भारी विरोध के बीच विधानसभा में इस विधेयक को पारित किया गया था। इसमें मुख्य सचेतक को कैबिनेट मंत्री के बराबर वेतन और भत्ते सहित अन्य सुविधाएं देने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा उप मुख्य सचेतक को राज्य मंत्री के बराबर वेतन और भत्तों के अलावा अन्य सुविधाएं देने की बात कही गई है। मौजूदा समय में गुजरात, राजस्थान, दिल्ली और त्रिपुरा सहित कई राज्यों में पहले ही ऐसी व्यवस्था है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News