बारालाचा व कुंजम दर्रे में आधा फुट बर्फबारी, मनाली-लेह सहित काजा मार्ग बंद

punjabkesari.in Saturday, Sep 22, 2018 - 05:35 PM (IST)

मनाली: साढ़े 15 हजार फुट ऊंचे बारालाचा सहित कुंजम दर्रे में सर्दियों की पहली भारी बर्फबारी हुई है। सैलानियों के पहले पसंदीदा पर्यटन स्थल रोहतांग ने भी बर्फ  की सफेद चादर ओढ़ ली है। शनिवार सुबह से हो रही बर्फबारी के चलते मनाली-लेह मार्ग सहित मनाली-काजा मार्ग वाहनों के लिए बंद हो गए हैं। बारालाचा दर्रे सहित कुंजम दर्रे में आधा फुट बर्फबारी हुई है। मनाली से लेह जा रहे वाहन भरतपुर सिटी से वापस दारचा लौट आए हैं जबकि लेह से मनाली आ रहे वाहन सरचू में ही रुक गए हैं। मनाली से काजा जा रहे वाहन भी छोटा दड़ा जबकि काजा से मनाली आ रहे वाहन लोसर के टाकपा से वापस लौट गए हैं।
PunjabKesari
तापमान में भी आई गिरावट
रोहतांग के दोनों ओर घाटियों में सुबह से झमाझम बारिश हो रही है जिससे तापमान भी लुढ़क गया है। हालांकि अभी मनाली-केलांग सहित मनाली-पांगी-किलाड़ मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू है लेकिन लेह और काजा मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। इस मार्ग पर सफर करने वालों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। रोहतांग दर्रे सहित हामटा, हनुमान टीबा, इंद्र किला, धुंधी जोत, मकरवेद, शिकरवेद, भृगु व दशोहर की पहाडिय़ों व चंद्रखणी जोत सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फ  के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है।
PunjabKesari
मनाली और कुल्लू में बारिश का दौर जारी
मनाली और कुल्लू की घाटियों में सुबह से बारिश हो रही है। हालांकि घाटी में सेब सीजन अंतिम पड़ाव पर है लेकिन घास कटाई का चल रहा कार्य बारिश से प्रभावित हुआ है। रोहतांग के उस पार कोकसर जोत, बड़ा व छोटा शिगरी ग्लेशियर, कुंजुम जोत, समस्त चन्द्र भाग पीक, लेडी ऑफ केलांग, नीलकंठ, ढाका ग्लेशियर, शिंकुला जोत व दारचा की पहाडिय़ों सहित बारालाचा दर्रे में बर्फ  के फाहे गिर रहे हैं। लाहौल घाटी में आलू सीजन चल रहा है। बारिश से लाहौल के किसानों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।

क्या कहते हैं अधिकारी  
बी.आर.ओ. कमांडर कर्नल ए.के. अवस्थी ने बताया कि बारालाचा और कुंजम में बर्फ  के फाहे गिरने से ठंड बढ़ी है। उन्होंने बताया कि बी.आर.ओ. का दारचा, जिंगजिंगबार व भरतपुर सिटी सहित मनाली सरचू सड़क पर कार्य चल रहा है जो बर्फबारी से प्रभावित हुआ है।  एच.आर.टी.सी. केलांग के आर.एम. मंगल चंद मनेपा ने बताया कि कुंजम दर्रे में बर्फबारी को देखते हुए बस आधे रास्ते से लौट आई है। उन्होंने बताया कि मौसम के हालात ठीक होने पर ही बस सेवा शुरू की जाएगी। डी.सी. लाहौल अश्विनी कुमार चौधरी ने मनाली-लेह मार्ग पर सफर करने वालों को मौसम की परिस्थितियां देखकर ही सफर करने की सलाह दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News