भाजपा को संजीवनी नहीं दे सकती वाजपेयी की मार्कीटिंग : अग्रिहोत्री

punjabkesari.in Friday, Sep 21, 2018 - 09:54 PM (IST)

हरोली: भारतीय जनता पार्टी को आगामी लोकसभा चुनावों में अटल बिहारी वाजपेयी की मार्कीटिंग कोई संजीवनी नहीं दे सकती है। यह बात नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल भाजपा की कार्यसमिति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को समझ लेना चाहिए कि जनता को रिजल्ट चाहिए, मार्कीटिंग नहीं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से भाजपा ने पूरा कार्यक्रम स्व. अटल बिहारी वाजपेयी पर शिफ्ट किया है, उससे भाजपा को कोई लाभ होने वाला नहीं है। उलटा यह साबित हो रहा कि भाजपा के पास सरकार की उपलब्धियों के नाम पर कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यसमिति की बैठक भी महंगाई के मुद्दे की ज्वाला पर हुई है। भाजपा में भी अब महंगाई को लेकर आक्रोश उत्पन्न होने लगा है। भाजपा कार्यसमिति की बैठक में महंगाई के मुद्दे पर किस प्रकार राहत देनी है, इसकी कोई चर्चा नहीं की गई, बेरोजगारी को किस प्रकार से खत्म करना है, इस पर कोई मंथन नहीं किया गया। महंगाई और बेरोजगारी के मसले आने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा को जोरदार झटका देंगे।

लगातार विफलता के नए पायदान छू रही जयराम सरकार
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार से जनता नाराज है तथा भाजपा के कार्यकर्ता नाराज हैं। प्रशासन के अधिकारी खफा हैं, प्रशासन की नजरअंदाजी भी साफ दिखाई दे रही है, ऐसे में जयराम सरकार लगातार विफलता के नए पायदान छू रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में अपने ही कुनबे से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपनी पीठ थपथपाने का काम कर खुश हो रहे हैं। भाजपा की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव में कोई नई बात नहीं कही गई है बल्कि केंद्र व प्रदेश सरकार का गुणगान करने का काम किया गया है। कानून व्यवस्था की खराब होती स्थिति पर भाजपा चुप रही है, खनन माफिया पर कुछ नहीं कहा गया, युवाओं को रोजगार कैसे मिलेगा, इस पर चुप्पी रखी है। उन्होंने कहा कि सड़कें खराब हैं और सी.एम. उडऩखटोले का मोह नहीं छोड़ पा रहे।

कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से एकजुट, चिंता न करे भाजपा
उन्होंने कहा कि प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी को कांग्रेस की चिंता नहीं करनी चाहिए, कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से एकजुट है और 9 महीने में कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर सरकार की चूल्हें हिलाने का काम किया है। अनेक जनविरोधी निर्णय वापस करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का यह कहना कि कांग्रेस में गुटबाजी है, हास्यास्पद है। भाजपा को आज अपने गिरेबान में झांक कर अपनी गुटबंदी देखनी चाहिए।

केंद्रीय मदद पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बताएं कि केंद्र से जो हजारों-करोड़ों की राहत व पैकेज लेने की बात आए दिन कर रहे हैं, वह कौन सा पैकेज है? कौन सी मदद है? प्रदेश की जनता को भी तो पता चले। उन्होंने कहा कि सरकार बताए कि हिमाचल के कोष में कितने हजार करोड़ रुपए केंद्र सरकार ने दिए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मदद पर श्वेत पत्र जारी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के लिए शर्म की बात है कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने उत्तर-पूर्वी राज्यों को जो औद्योगिक पैकेज दिया है, उससे हिमाचल व उत्तराखंड को वंचित रखा है जो हिमाचल के साथ धोखा है।

कांग्रेस देगी हर हमले का जवाब
उन्होंने कहा कि भाजपा की बैठक में सरकार की नीतियां बनाने व सरकार की उपलब्धियों को बताने पर कम चर्चा हुई और कांग्रेस पर हमला करने की रणनीति ज्यादा बनाई गई। कांग्रेस पार्टी हर हमले का माकूल जवाब देगी। कांग्रेस पार्टी सड़कों पर भी उतरेगी, विधानसभा के अंदर भी सरकार को गलती पर घेरेगी और आंदोलन से पीछे नहीं हटेगी। विपक्ष का काम मजबूती के साथ कांग्रेस कर रही है और करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News