इस खास मकसद के लिए एक बार हिमाचल आएंगी रजनी पाटिल, पढ़ें खबर

punjabkesari.in Friday, Sep 21, 2018 - 08:29 PM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस प्रदेश में शक्ति कार्यक्रम को लॉन्च करने जा रही है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल 23 सितम्बर को एक बार फिर हिमाचल आएंगी और पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में इस कार्यक्रम को लॉन्च करेंगी। इस अवसर पर कार्यक्रम के राष्ट्रीय समन्वयक सुंशात शुक्ला विशेष तौर पर मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी, विधायक, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, ब्लॉक ऑब्जर्वर तथा कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। पार्टी के इस कार्यक्रम का आगामी लोकसभा चुनाव से जोड़ कर देखा जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कांग्रेस परिवार को एक सूत्र में जोडऩा व जमीनी स्तर पर शक्ति प्रदान करना है। पार्टी का मानना है कि यह कार्यक्रम हर बूथ, हर ब्लॉक, हर गांव, हर शहर व हर जिला में कांग्रेस की आवाज बनेगा।

कांग्रेसियों को दिखाई जाएगी वीडियो
23 सितम्बर का पार्टी मुख्यालय में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसियों को एक वीडियो दिखाया जाएगा। इसके माध्यम से शक्ति  कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी जाएगी। राजीव भवन में कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियों को अमलीजामा पहनाया जा रहा है।

राहुल गांधी ने शुरू किया प्रोजैक्ट
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सभी पदाधिकारियों को संगठन की गतिविधियों व अन्य कार्यक्रमों से सीधे जोडऩे के लिए एक प्रोजैक्ट शुरू किया है। इसके तहत सभी कांग्रेसजनों को एक मोबाइल नंबर पर अपने वोटर कार्ड का नंबर मैसेज करके भेजना होगा। इसके बाद संबंधित नेता का इस प्रोजैक्ट में रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। तत्पश्चात उसे पार्टी के कार्यक्रमों और तमाम अपडेट्स की सीधी जानकारी मिलती रहेगी।

क्या बोले पार्टी प्रवक्ता संजय चौहान
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता संजय सिंह चौहान ने कहा कि हिमाचल में 23 सितम्बर को शक्ति कार्यक्रम लांच किया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल भी मौजूद रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर बूथ स्तर के कार्यकत्र्ताओं को इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा ताकि उन्हें पार्टी के कार्यक्रमों और तमाम अपडेट्स की सीधी जानकारी मिल सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News