पत्नी गई मायके तो टावर पर चढ़ा पति, 7 घंटे तक मची रही अफरातफरी

punjabkesari.in Thursday, Sep 20, 2018 - 01:59 PM (IST)

वेस्ट दिल्ली (नवोदय टाइम्स): मुझे मेरी बीवी से मिलवाओ! भलस्वा डेयरी इलाके में बुधवार सुबह हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। एक व्यक्ति पत्नी के मायके जाने से परेशान होकर टावर पर चढ़ गया, जिसे उतारने में पुलिस को करीब सात घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस पीड़ित की बातों को सुनकर हैरान थी। जानकारी के मुताबिक, सुनील परिवार के साथ भलस्वा डेयरी गांव में रहता है। वह रिक्शा चलाता है। सुनील के तीन बच्चे हैं। 

फायर ब्रिगेड और कैट्स के साथ मौके पर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस कंट्रोल रूम को बुधवार सुबह करीब पौने छह बजे सूचना मिली कि सुनील एक टावर पर चढ़ा हुआ है। मौके पर पुलिस टीम फायर ब्रिगेड और कैट्स के साथ पहुंची। सुनील से बातचीत करने के लिए उससे फोन पर संपर्क किया गया। सुनील कह रहा था कि वह मर जाएगा। मेरी बीवी को बुलाओ या फिर बात कराओ। उसके परिवार वालों ने सुनील को कई घंटे तक समझाने की कोशिश भी की। उससे कहा गया कि उसकी पत्नी से बात करा दी जाएगी और खुद ही बैठकर अपनी पत्नी से मामले को सुलझा लेना। लेकिन सुनील को किसी पर भी विश्वास नहीं था। 

सात घंटे बाद  सुनील को नीचे उतारा गया
करीब सात घंटे बाद पत्नी से बातचीत कराने का भरोसा देकर सुनील को नीचे उतारा गया। सुनील खाना भी साथ लेकर चढ़ा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुनील का अपनी पत्नी से काफी समय से विवाद चल रहा था। वह अचानक घर से चली गई थी, जिसकी लिखित शिकायत थाने में भी दी गई थी। उनको पता चला है कि पत्नी अपने मायके में है। सुनील छोटी-छोटी बातों पर उससे हाथापाई करता रहता था, जिससे वह काफी परेशान हो गई थी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil dev

Recommended News

Related News