नगर निगम व नगर सुधार ट्रस्ट के गले की फांस है ‘ब्ल्यू फॉक्स’

punjabkesari.in Thursday, Sep 20, 2018 - 10:13 AM (IST)

बठिंडा(बलविंद्र): ‘ब्ल्यू फॉक्स’ नामक बहुकरोड़ी जमीन अब नगर निगम व नगर सुधार ट्रस्ट बठिंडा के गले की फांस बन चुकी है क्योंकि इस जमीन के न बिकने कारण दोनों सरकारी संस्थाओं को करोड़ों रुपए का ब्याज पड़ रहा । कुल मिलाकर यह मामला काफी गुंझलदार बना हुआ है, जिस तरफ सरकार का कोई ध्यान नहीं है।  

क्या है ‘ब्ल्यू फॉक्स’ मामला
किसी समय गोनियाना रोड पर रोज गार्डन के पास नगर निगम की 22000 गज जगह पर एक काफी बड़ा रैस्टोरैंट ‘ब्ल्यू फॉक्स’ होता था। ब्ल्यू फॉक्स बंद हुआ और जमीन पर नगर निगम ने अपना कब्जा कर लिया परन्तु इस जगह का नाम ‘ब्ल्यू फॉक्स’ ही पड़ गया। वर्ष 2009 दौरान नगर निगम ने विकास कार्यों के लिए उक्त जमीन पर पी.आई.डी.बी. से 40 करोड़ रुपए का कर्ज लिया। अब यह जमीन पी.आई.डी.बी. द्वारा बेची जानी थी लेकिन वर्ष 2010 में एक कांग्रेसी नेता ने हाईकोर्ट में रिट दायर की कि नगर निगम की जमीन पी.आई.डी.बी. को बेचने का अधिकार नहीं। अदालती हुक्मों के कारण पी.आई.डी.बी. को यह जगह निगम को वापस करनी पड़ी लेकिन कर्जा वहीं का वहीं खड़ा रह गया। फिर निगम ने यह जमीन नगर सुधार ट्रस्ट को 82.47 करोड़ रुपए में बेच दी, जिसका 25 फीसदी हिस्सा 21.25 करोड़ रुपए निगम को अप्रैल 2011 में दे दिया गया जबकि बाकी रकम किस्तों में 12 प्रतिशत ब्याज से 2016 तक 6 किस्तों के जरिए दी जानी थी परन्तु ऐसा नहीं हो सका, जो 21.25 करोड़ रुपए ट्रस्ट ने निगम को दिए थे, वह भी दो बैंकों से लिया गया कर्जा ही था जो ट्रस्ट द्वारा लिया गया।

पी.आई.डी.बी. 64 करोड़ बदले मांग रहा फायर ब्रिगेड वाली जगह
नगर निगम ने विकास कार्यों के लिए पी.आई.डी.बी. से पहले 40 करोड़ व फिर 12.50 करोड़ रुपए का कर्ज लिया। अब तक यह रकम ब्याज सहित करीब 64 करोड़ बन चुकी है जो पी.आई.डी.बी. निगम से मांग रहा है। निगम ने उक्त रकम बदले पी.आई.डी.बी. को ब्ल्यू फॉक्स वाली जमीन की पेशकश दोबारा भी की थी। जमीन ट्रस्ट द्वारा वापस लेकर उसको दी जाएगी परन्तु पी.आई.डी.बी. ने यह जगह लेने से इंकार कर दिया। जबकि उसके द्वारा मांग की जा रही है कि उसको माल रोड पर स्थित फायर ब्रिगेड वाली जगह दी जाए, जोकि काफी कीमती है। इस जगह को पी.आई.डी.बी. व्यापारिक तौर पर विकसित कर बेचना चाहता है लेकिन यह सौदा अभी तक सिरे नहीं चढ़ सका। 

ब्ल्यू फॉक्स की कीमत रही आधी
कोई शक नहीं कि किसी समय ब्ल्यू फॉक्स वाली जमीन बहुत ही बेहतर जगह पर स्थित थी, जिसकी कीमत भी 80 से 100 करोड़ रुपए तक मानी जा रही थी लेकिन तब उसके ग्राहक नहीं मिल सके। परन्तु इस समय देखा जाए तो चर्चा है कि उक्त जमीन की कीमत आधी से भी आधी रह गई है, क्योंकि इस जगह के सामने ही ओवरब्रिज बन गया है जिससे यह जमीन अब हाईवे की बजाए स्लिप रोड पर ही रह गई है। इसलिए संभावित है कि इसकी कीमत आधी रह गई है। 

निगम मामला निपटाना चाहता है : तरसेम सिंगला
नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर तरसेम गोयल का कहना है कि ट्रस्ट ने अब तक सिर्फ 23.25 करोड़ रुपए ही दिए हैं और कोई किस्त नहीं दी गई। वह भी खुद चाहते हैं कि ट्रस्ट निगम को दी जमीन या अन्य लेनदेन को लेकर ब्ल्यू फॉक्स की रकम का विवाद खत्म कर दे। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि पी.आई.डी.बी., निगम व ट्रस्ट से बैठक कर लेनदेन के सारे मामले हल किए जाएं। 

नगर निगम 85 करोड़ मांग रहा
नगर सुधार ट्रस्ट ने ब्ल्यू फॉक्स जमीन बदले पहले 21.25 करोड़ व फिर 2 करोड़ रुपए दिए थे परन्तु बकाया रकम 59 करोड़ रुपए अभी भी बकाया है जिस पर ब्याज भी लग रहा है। यह रकम 2016 तक वापस की जानी थी लेकिन अभी तक नहीं दी गई।  निगम अब ब्याज सहित करीब 85 करोड़ रुपए मांग रहा है। 

ब्ल्यू फॉक्स की बोली जल्दी होगी : ई.ओ.
नगर सुधार ट्रस्ट के ई.ओ. हरिंद्र सिंह ने कहा कि ब्ल्यू फॉक्स ट्रस्ट का ही प्रोजैक्ट है जिसको जल्दी ही विकसित किया जा रहा है, जिसके लिए बोली भी रखी जाएगी। इस प्रोजैक्ट की बनती बकाया राशि निगम को किस्तों के जरिए दी जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News