बी.के. अग्रवाल हो सकते हैं हिमाचल के नए मुख्य सचिव!

punjabkesari.in Wednesday, Sep 19, 2018 - 11:17 PM (IST)

शिमला: अतिरिक्त मुख्य सचिव बी.के. अग्रवाल राज्य के नए मुख्य सचिव हो सकते हैं। उनको विनीत चौधरी के स्थान पर नया मुख्य सचिव बनाया जा सकता है, जो इस माह सेवानिवृत्त हो रहे हैं। हालांकि लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी मसूरी की निदेशक उपमा चौधरी के प्रतिनियुक्ति से वापस आने की स्थिति में अग्रवाल को मौका नहीं मिल पाएगा। सूत्रों के अनुसार वर्तमान सरकार वरीयता सूची को आधार बनाकर ही नए मुख्य सचिव की नियुक्ति करना चाहती है ताकि पूर्व कांग्रेस सरकार की तरह विवाद खड़ा न हो।

पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में वरीयता सूची को दरकिनार करके वी.सी. फारका को मुख्य सचिव बनाया गया था। इस समय केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए वरिष्ठ अधिकारियों में ए.आर. सिहाग, भारती सिहाग, अरविंद मेहता तथा उपमा चौधरी हैं। इनमें से सिर्फ उपमा चौधरी के वापस आने की अटकलें लगाई जा रही हैं और कुछ समय पहले उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुलाकात भी की थी। इसके अलावा प्रदेश में वरीयता सूची के आधार पर बी.के. अग्रवाल सबसे आगे हैं। उनके अलावा डा. श्रीकांत बाल्दी भी मुख्यमंत्री की पसंद हो सकते हैं। वह 2019 में सेवानिवृत्त होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News